Mountain Glory : 7000 मीटर की ऊंचाई पर तटरक्षक बल ने रचा इतिहास, मुकुट ईस्ट पर फहराया 2,500 वर्ग फीट का ध्वज
CM धामी ने पर्वतारोहण अभियान दल का किया फ्लैग-इन, भारतीय तटरक्षक बल की 7,000 मीटर से ऊंची चोटी पर पहली सफल चढ़ाई, 2027 के एवरेस्ट मिशन का भी तैयार हो रहा रास्ता

योगेंद्र मलिक
देहरादून, 12 अक्टूबर 2026:
हिमालय की बर्फीली चोटियों पर भारतीय तटरक्षक बल ने अपने साहस और सामर्थ्य का नया इतिहास रच दिया है। भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई), दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। तटरक्षक बल के इतिहास में 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली किसी पर्वत चोटी पर यह पहला सफल आरोहण है। इस ऐतिहासिक सफलता के साथ दल ने उत्तराखंड के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित 2,500 वर्ग फीट का विशाल राज्य ध्वज भी शिखर पर फहराया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून स्थित अपने सरकारी आवास पर संयुक्त अभियान दल का फ्लैग-इन कर पर्वतारोहियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने अभियान की सफलता पर सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि हिमालय की दुर्गम परिस्थितियों में यह उपलब्धि अदम्य साहस, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और टीम भावना का प्रतीक है। यह भारतीय तटरक्षक बल के साथ पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान साहस, शौर्य और समृद्ध पर्वतारोहण परंपरा से जुड़ी है। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर माउंट मुकुट ईस्ट के शिखर पर विशाल उत्तराखंड ध्वज फहराया जाना प्रदेश के गौरव और हिमालय से उसके गहरे जुड़ाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और युवाओं को पर्वतारोहण सहित अन्य साहसिक खेलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
एवरेस्ट अभियान से पहले हिमालय में परखी ताकत
एचएमआई के प्राचार्य एवं अभियान के नेतृत्वकर्ता कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करेगा। स्वर्ण जयंती के अवसर पर प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के तहत पर्वतारोहियों के चयन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी एचएमआई को सौंपी गई है।
15 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक चले इस अभियान ने पर्वतारोहियों को उच्च हिमालयी परिस्थितियों में अनुकूलन, तकनीकी दक्षता और सामूहिक समन्वय का महत्वपूर्ण अनुभव दिया। इससे पहले दल सिक्किम हिमालय में माउंट बीसी रॉय और माउंट थिंचेनखांग का भी सफल आरोहण कर चुका है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन अभियानों से हासिल अनुभव 2027 के एवरेस्ट मिशन की सफलता में अहम साबित होगा।
इस अवसर पर भारतीय तटरक्षक बल के अपर महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला, उप महानिरीक्षक हिमांशु नौटियाल, डीएस चौहान, कमांडेंट अमित उनियाल, कमांडेंट विश्वजीत सिंह, एचएमआई के पासांग तेनजिंग शेरपा सहित अभियान दल के सदस्य मौजूद रहे।






