खेल डेस्क, 29 मार्च 2026:
आईपीएल 2026 के पहले ही मुकाबले में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए हाई स्कोरिंग मैच में आरसीबी ने सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हराकर धमाकेदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में टीम ने न सिर्फ जीत हासिल की बल्कि 200 से अधिक रन के लक्ष्य को सबसे तेज चेज करने का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 201 रन बनाए। टीम के लिए ईशान किशन ने शानदार 80 रन और अनिकेत वर्मा ने 43 रनों का अहम योगदान दिया। हालांकि आरसीबी के गेंदबाज जैकब डफी ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए हैदराबाद के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
202 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत थोड़ी धीमी रही लेकिन फिल साल्ट के जल्दी आउट होने के बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 101 रनों की साझेदारी हुई। इसने टीम को जीत की राह पर ला खड़ा किया।

कोहली ने अपने ‘चेज मास्टर’ अंदाज में खेलते हुए 38 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाए जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 181 रहा। पडिक्कल ने तो और भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 26 गेंदों में 61 रन ठोक डाले.जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
आरसीबी ने इस लक्ष्य को केवल 15.4 ओवर में हासिल कर इतिहास रच दिया। इससे पहले सबसे तेज 200 से अधिक रन चेज का रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के नाम था जिन्होंने 2025 में 15.5 ओवर में यह कारनामा किया था।
इस पारी के साथ ही विराट कोहली ने एक और बड़ा मुकाम हासिल किया। वह आईपीएल में लक्ष्य का पीछा करते हुए 4000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली अब तक चेज में 4027 रन बना चुके हैं जो उनकी महानता को एक बार फिर साबित करता है।
सीजन की शुरुआत में ही आरसीबी की यह जीत बाकी टीमों के लिए एक संदेश भी है कि चैंपियन टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरी है।






