Sports

T20 World Cup : भारत-यूजीलैंड फाइनल आज…गेंद व बल्ले के बीच होगी जोर आजमाइश

अहमदाबाद में मुकाबला शाम 7 बजे, भारत जीता तो 19 साल में पहली दफा मेजबान टीम बनेगी चैंपियन, ट्रॉफी पाने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी दोनों टीमें

स्पोर्ट्स डेस्क, 8 मार्च 2026:

टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल आज रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड आमने सामने होंगे। मैच शाम सात बजे शुरू होगा, जबकि टॉस साढ़े छह बजे होगा। दोनों टीमें ट्रॉफी से सिर्फ एक कदम दूर हैं और मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह है।

इतिहास रचने के करीब टीम इंडिया

इस फाइनल के साथ एक दिलचस्प रिकॉर्ड भी जुड़ा है। टी20 विश्व कप के 19 साल के इतिहास में अब तक कोई भी मेजबान टीम खिताब नहीं जीत सकी है। अगर भारत यह मुकाबला जीतता है तो पहली बार मेजबान देश चैंपियन बनेगा। फाइनल मुकाबले को भारत की आक्रामक बल्लेबाजी और न्यूजीलैंड की मजबूत गेंदबाजी के बीच टक्कर के रूप में देखा जा रहा है। ऐसे में अहमदाबाद में होने वाला यह मुकाबला काफी रोमांचक रहने की उम्मीद है। भारत के पास इतिहास बनाने का मौका है, जबकि न्यूजीलैंड की नजर एक और आईसीसी खिताब पर रहेगी।

ये भी पढ़ें:

भारत की बल्लेबाजी टीम की सबसे बड़ी ताकत

Advertisement

इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की बल्लेबाजी शानदार लय में रही है। संजू सैमसन ने चार मैचों में 201 के स्ट्राइक रेट से 232 रन बनाए हैं। वहीं ईशान किशन ने आठ मुकाबलों में 189 के स्ट्राइक रेट से 263 रन बनाए हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 242 रन जोड़कर टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दी है। हार्दिक पांड्या ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए बल्ले से 199 रन बनाने के साथ गेंद से आठ विकेट भी लिए हैं। तिलक वर्मा को फिनिशर की भूमिका में भेजने का फैसला भी टीम के लिए फायदेमंद साबित हुआ है।

गेंदबाजी में बुमराह पर ज्यादा जिम्मेदारी

भारतीय गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह सबसे प्रभावी रहे हैं। उन्होंने सात मैचों में 10 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी 6.62 रही है। हालांकि बाकी गेंदबाजों का प्रदर्शन उतार चढ़ाव भरा रहा है। अर्शदीप सिंह कई मैचों में महंगे साबित हुए हैं, जबकि वरुण चक्रवर्ती भी उम्मीद के मुताबिक असर नहीं छोड़ सके। ऐसे में फाइनल से पहले टीम प्रबंधन को गेंदबाजी संयोजन पर फैसला लेना पड़ सकता है।

न्यूजीलैंड की ताकत उसकी गेंदबाजी

न्यूजीलैंड की टीम पूरे टूर्नामेंट में अपनी गेंदबाजी के दम पर आगे बढ़ी है। मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन की तेज गेंदबाजी ने विपक्षी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है। कप्तान मिचेल सैंटनर ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए रन गति पर नियंत्रण रखा है। स्पिन विभाग में रचिन रविंद्र ने 11 विकेट लेकर टीम को कई अहम सफलताएं दिलाई हैं।

कीवी टीम का टॉप ऑर्डर भी मजबूत

न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी में टॉप ऑर्डर ने अच्छा प्रदर्शन किया है। टिम सीफर्ट ने सात मैचों में 274 रन बनाए हैं, जबकि फिन एलन 289 रन के साथ शानदार फॉर्म में हैं। एलन ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंद में शतक लगाकर अपनी क्षमता दिखा दी थी। ग्लेन फिलिप्स ने भी मध्यक्रम में उपयोगी पारियां खेली हैं, हालांकि मार्क चैपमैन और डेरिल मिचेल का प्रदर्शन अब तक साधारण रहा है।

ये भी पढ़ें  सिडनी कोर्ट पर दिखा लक्ष्य का जलवा, अब सेमीफाइनल में इस खिलाड़ी से होगा कड़ा मुकाबला

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link