लखनऊ, 10 मार्च 2026:
ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच जारी तनाव का असर अब भारत तक महसूस किया जाने लगा है। वैश्विक स्तर पर तेल और गैस आपूर्ति में संभावित बाधाओं के बीच देश के कई बड़े शहरों में कामर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई को लेकर संकट के संकेत दिखाई देने लगे हैं। यूपी के कई शहरों में होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को कामर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। इससे उनकी चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार तेल कंपनियों ने घटते स्टॉक को देखते हुए कामर्शियल गैस सिलेंडरों की डिलीवरी पर फिलहाल अघोषित रोक लगा दी है। गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे प्राथमिकता के आधार पर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करें। इसका सीधा असर होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर पड़ रहा है क्योंकि उन्हें नियमित रूप से कामर्शियल सिलेंडर की जरूरत होती है।
उधर केंद्र सरकार ने गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईएसएमए) लागू कर दिया है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता में कोई बाधा न आए और बाजार में कृत्रिम संकट पैदा न हो।

हालात ऐसे बन गए हैं कि आम लोगों में भी गैस को लेकर चिंता का माहौल बनने लगा है। प्रदेश के कई शहरों में घरेलू सिलेंडर की मांग अचानक बढ़ गई है। लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई स्थानों पर उपभोक्ताओं को बुकिंग के चार से पांच दिन बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिल पा रही है। कई गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें भी देखी जा रही हैं।
लखनऊ में भी रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग कराने के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है। हालांकि प्रशासन ने फिलहाल किसी बड़े संकट से इनकार किया है। लखनऊ के जिलापूर्ति अधिकारी विजय प्रताप के मुताबिक जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने बताया कि करीब 25 दिनों का कोटा मौजूद है। अभी तक आपूर्ति कम करने का कोई आधिकारिक निर्देश नहीं मिला है।
ऐसे कराएं रसोई गैस की बुकिंग
इंडियन ऑयल के ग्राहक अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से तीन माध्यमों से गैस सिलेंडर बुक करा सकते है… व्हाट्सएप (7588888824), मिस्ड कॉल (8454955555) और आईवीआरएस (7718955555)। यह सुविधा फिलहाल इंडियन ऑयल के उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध है।






