National

ईरान-इसराइल टकराव खतरनाक मोड़ पर… ड्रोन हमलों से दहला कुवैत, तेहरान तक गूंजी तबाही

अमेरिकी ठिकानों पर भी हमले, इसराइल का तेहरान पर वार, पाकिस्तान की मध्यस्थता से जगी शांति की उम्मीद, ईरानी राष्ट्रपति ने अमेरिका और इसराइल पर साधा निशाना

न्यूज डेस्क, 25 मार्च 2026:

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को चार सप्ताह होने को हैं लेकिन हालात सुधरने के बजाय और अधिक जटिल होते जा रहे हैं। एक तरफ कूटनीतिक स्तर पर बातचीत की कोशिशें तेज हो रही हैं तो दूसरी ओर हमलों का सिलसिला भी लगातार जारी है। इससे पूरे क्षेत्र में तनाव और अस्थिरता बनी हुई है।

ताजा घटनाक्रम में ईरान ने मंगलवार रात कुवैत के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला किया। इस हमले के चलते एयरपोर्ट परिसर में स्थित एक फ्यूल टैंक में आग लग गई। हालांकि कुवैत की सेना ने तत्परता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की और कई ड्रोन को हवा में ही मार गिराने का दावा किया। सेना ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी धमाके की आवाज से घबराएं नहीं और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। कुवैत के नेशनल गार्ड के अनुसार उन्होंने अपने क्षेत्र में कम से कम पांच ड्रोन नष्ट किए हैं।

WhatsApp Image 2026-03-25 at 12.59.03 PM

इसी बीच इराक में सक्रिय संगठन ‘इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक’ ने दावा किया है कि उसने पिछले 24 घंटों में अमेरिका से जुड़े 23 ठिकानों को निशाना बनाया है। संगठन के अनुसार इन हमलों में ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि नुकसान का आकलन अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

उधर, इसराइल ने भी अपनी सैन्य कार्रवाई तेज करते हुए ईरान की राजधानी तेहरान में नए हमले शुरू किए हैं। इसराइली डिफेंस फोर्सेस के मुताबिक इन हमलों में ईरानी शासन से जुड़े रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया गया है। तेहरान के विभिन्न इलाकों पूर्व, उत्तर और मध्य हिस्सों से धमाकों की आवाजें सुनाई देने की खबर है। वहीं कुछ तस्वीरों में इमारतों से उठता धुआं भी देखा गया है।

इस बढ़ते तनाव के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने अमेरिका और इसराइल पर निशाना साधते हुए कहा कि दुनिया के कई देशों में लोग इनके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रीय स्थिरता के लिए सहयोग और आपसी सम्मान को जरूरी बताया।

इसी दौरान पाकिस्तान ने शांति वार्ता के लिए मध्यस्थता की पेशकश की है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिका ने पाकिस्तान के जरिए ईरान को 15 सूत्रीय समझौता प्रस्ताव भी भेजा है। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि कूटनीतिक रास्ता अभी पूरी तरह बंद नहीं हुआ है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button