Lucknow City

लखनऊ में बसपा MLA उमाशंकर के घर IT रेड पूरी, करोड़ों रुपये बरामद! प्रदेश के अन्य ठिकानों पर जांच जारी

कंस्ट्रक्शन व खनन से जुड़ी कंपनियों के दफ्तर व करीबियों के ठिकाने खंगाले, बलिया, सोनभद्र, कौशांबी, मिर्जापुर और प्रयागराज समेत कई जिलों में पड़ताल

लखनऊ, 26 फरवरी 2026:

यूपी में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह और उनके करीबियों के लखनऊ स्थित ठिकानों पर बुधवार से जारी आयकर विभाग की छापेमारी और जांच की कार्रवाई दूसरे दिन खत्म हो गई। यह कार्रवाई गोमतीनगर के विपुलखंड स्थित आवास पर गुरुवार तक चली। सूत्रों के मुताबिक छापे के दौरान करोड़ों रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आ रही है। हालांकि विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल उनके ऑफिस और प्रदेश के अन्य ठिकानों पर जांच जारी थी।

आयकर विभाग की तीन टीमों ने लखनऊ में उमाशंकर सिंह के आवास, उनकी कंस्ट्रक्शन कंपनी के कॉरपोरेट ऑफिस और वजीर हसन रोड पर एक करीबी ठेकेदार के ठिकानों को खंगाला। इसके साथ ही बलिया, सोनभद्र, कौशांबी, मिर्जापुर और प्रयागराज समेत कई जिलों में एक साथ छापेमारी की गई। आयकर अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने दूसरे दिन तक दस्तावेजों और लेन-देन की पड़ताल की। सूत्रों का दावा है कि टैक्स चोरी और बेनामी संपत्तियों से जुड़े अहम सुराग मिले हैं।

WhatsApp Image 2026-02-26 at 3.04.09 PM

उमाशंकर सिंह सड़क निर्माण और खनन से जुड़ी कंपनियों के जरिए कारोबार करते हैं। बीते साल नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट में सोनभद्र में अवैध खनन से करीब 60 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का जिक्र हुआ था। माना जा रहा है कि इसी रिपोर्ट के बाद उनके नेटवर्क पर शिकंजा कसा गया।

कैंसर से जूझ रहे विधायक फिलहाल लखनऊ स्थित आवास पर आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं। हाल ही में वे इलाज के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका से लौटे हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती ने छापेमारी को मानवता के खिलाफ बताया। वहीं, योगी सरकार में मंत्री और उनके समधी दिनेश सिंह ने भावुक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बेटी के सुख-दुख में वे हमेशा साथ खड़े रहेंगे, राजनीति छोड़ी जा सकती है, बेटी नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button