LDA का लोन मेला आज : एक छत के नीचे मिलेगा बैंक लोन, मौके पर ही बनेगी NOC
प्रधानमंत्री आवास से अनंत नगर योजना तक के आवंटियों को राहत, प्रतिस्पर्धात्मक ब्याज दरों पर कर्ज लेने का मौका, आधार, पैन और आय संबंधी दस्तावेज साथ लाना जरूरी

लखनऊ, 15 अक्टूबर 2026:
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के आवंटियों को अब अपनी संपत्ति का पूरा भुगतान करने के लिए बैंकों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। प्राधिकरण की ओर से आज गोमती नगर स्थित एलडीए भवन में लोन मेला आयोजित किया जा रहा है। इसमें विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं अधिसूचित बैंकों के अधिकारी और उनकी टीमें मौजूद रहेंगी। आवंटियों को एक ही स्थान पर बैंक लोन के लिए मार्गदर्शन, प्रतिस्पर्धात्मक ब्याज दरों पर ऋण की सुविधा और मौके पर ही अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
एलडीए के वित्त नियंत्रक अनिल कुमार सिंह के मुताबिक प्राधिकरण समय-समय पर विभिन्न आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों का आवंटन करता है। हालांकि, कई आवंटी सही जानकारी के अभाव या बैंक से ऋण नहीं मिल पाने के कारण संपत्ति की पूरी धनराशि जमा नहीं कर पाते। इससे उन्हें अतिरिक्त ब्याज का बोझ उठाना पड़ता है। भुगतान में देरी होने पर आवंटन निरस्त होने का खतरा भी बना रहता है। इसी समस्या को देखते हुए एलडीए उपाध्यक्ष ने आवंटियों की सुविधा के लिए लोन मेला आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
कई आवासीय योजनाओं के आवंटियों को मिलेगा लाभ
एलडीए के लेखाधिकारी विनोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लोन मेले में आवंटियों को एक ही परिसर में बैंकिंग सहायता मिलेगी। विभिन्न बैंकों की भागीदारी से ऋण की ब्याज दरों और सुविधाओं की तुलना करने का अवसर भी मिलेगा। इससे आवंटी अपनी जरूरत के मुताबिक बैंक का चयन कर सकेंगे।
मेले में प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल नगर योजना, सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना, पहले आओ-पहले पाओ योजना और अनंत नगर योजना समेत अन्य योजनाओं के आवंटी आवेदन कर सकेंगे। आवासीय संपत्तियों के साथ व्यावसायिक संपत्तियों के आवंटियों को भी इसका लाभ मिलेगा। खास तौर पर दुर्बल और अल्प आय वर्ग के लोगों के लिए यह पहल राहत देने वाली साबित हो सकती है।
ये दस्तावेज साथ लाना न भूलें
लोन मेले में आने वाले आवंटियों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, आय प्रमाणपत्र और जाति प्रमाणपत्र समेत आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक मेले का उद्देश्य ‘एक दिन, एक स्थान, लोन संबंधी पूर्ण समाधान’ उपलब्ध कराना है जिससे आवंटी ऋण संबंधी प्रक्रिया पूरी कर अपनी संपत्ति का भुगतान कर सकें और मालिकाना हक पाने की राह आसान बना सकें।






