
लखनऊ, 20 अगस्त 2026:
यूपी राजधानी लखनऊ में गुरुवार को एक बैंककर्मी ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद में ऐसा खूनी खेल खेला कि शहर में सनसनी फैल गई। SBI में कार्यरत मानस बाजपेई (35) ने पहले गोमतीनगर के मिठाईवाला चौराहा स्थित ICICI बैंक के बाहर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा (33) को गोली मार दी। इसके बाद करीब एक-दो किलोमीटर दूर हुसेड़िया चौराहे के पास पहुंचकर अपनी छोटी बहन को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। वारदात से पहले उसके WhatsApp स्टेटस ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थीं। गुरुवार दोपहर मानस ने उन्हें फोन कर बैंक के बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई और इसके बाद मानस ने दिव्या को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल दिव्या को लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी।

पत्नी की हत्या के बाद मानस उसी इलाके में हुसेड़िया चौराहे के पास अपनी बहन के घर पहुंचा और उसे भी गोली मार दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक वह करीब 12:30 बजे घर पहुंचा और बुरी तरह पसीने से भीगा हुआ था। अंदर जाने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। कमरे में बहन की हत्या के बाद मानस ने खुद को भी गोली मार ली। आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे और दरवाजा तोड़ा। अंदर भाई-बहन की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चल रही थी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आत्महत्या से पहले मानस ने WhatsApp पर स्टेटस लगाया था। इसमें उसने पत्नी की हत्या की बात कहते हुए उस पर धोखा देने का आरोप लगाया और लिखा कि अब उसे अपनी बहन और खुद को भी मारना है। स्टेटस में उसने पत्नी की बहन और उनके पति का भी जिक्र किया है।

बताया जा रहा है कि दिव्या मिश्रा और मानस के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतका दिव्या मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थी।दिव्या ने करीब एक साल पहले पति से तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी और इसके बाद से वह आलमबाग में रह रही थीं। वहीं मानस हुसेड़िया चौराहे के पास अपनी बहन के साथ किराए के मकान में रहता था।

पुलिस अब हत्या और आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह, WhatsApp स्टेटस की सच्चाई और पारिवारिक विवाद से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट से भी अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।






