Lucknow City

ग्रीन कॉरिडोर से जुड़ेगी वेलनेस सिटी… लखनऊ की नई मेडिसिटी तक पहुंच होगी और आसान

सुलतानपुर रोड और किसान पथ के बीच बस रही 485 हेक्टेयर की वेलनेस सिटी को चार मुख्य मार्गों से ग्रीन कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा, 427 किसानों से 78 हेक्टेयर जमीन के प्रस्ताव मिले, जबकि 30 हेक्टेयर का लैंड पूलिंग एग्रीमेंट हो चुका पूरा, एलडीए उपाध्यक्ष ने लिया जायजा

लखनऊ, 16 मई 2026:

लखनऊ की वेलनेस सिटी योजना अब तेजी से जमीन पर उतर रही है। शहीद पथ से किसान पथ तक बन रहा ग्रीन कॉरिडोर इस परियोजना की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देगा। योजना के चार प्रमुख मार्ग सीधे इस कॉरिडोर से जोड़े जाएंगे, जिससे प्रस्तावित मेडिसिटी तक पहुंच काफी आसान हो जाएगी।

सात गांवों की चिन्हित हुई जमीन

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने परियोजना क्षेत्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सुलतानपुर रोड और किसान पथ के बीच करीब 485 हेक्टेयर क्षेत्र में वेलनेस सिटी विकसित की जा रही है। इसके लिए बक्कास, मलूकपुर ढकवा, चौरहिया, चौरासी, दुलारमऊ, नूरपुर बेहटा और मस्तेमऊ गांवों की जमीन चिन्हित की गई है।

मेडिसिटी में होगी तमाम सुविधाएं

इस योजना को मेडिसिटी के तौर पर विकसित किया जाएगा। यहां सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, डायग्नोस्टिक सेंटर, विपश्यना केंद्र और मेडिटेशन सेंटर जैसी सुविधाएं होंगी। मकसद यह है कि स्वास्थ्य सेवाओं, रिसर्च और वेलनेस से जुड़ी सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध हों।

किसानों को लॉटरी के जरिये मिलेंगे भूखंड

प्रथमेश कुमार ने बताया कि जमीन जुटाने का काम लैंड पूलिंग, अर्जन और किसानों की सहमति के आधार पर किया जा रहा है। अब तक 427 किसानों से 78 हेक्टेयर जमीन के प्रस्ताव मिल चुके हैं। इनमें से 30 हेक्टेयर जमीन के लिए लैंड पूलिंग एग्रीमेंट भी हो चुका है। जमीन देने वाले किसानों को जल्द ही लॉटरी के जरिए विकसित भूखंड आवंटित किए जाएंगे।

तेजी से आकार ले रहा 6.5 किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से महज आधा किलोमीटर दूर स्थित इस योजना में 60 मीटर से 24 मीटर चौड़ी सड़कें बनाई जाएंगी। शहीद पथ से किसान पथ तक 6.5 किलोमीटर लंबा और 24 मीटर चौड़ा ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जा रहा है। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को बारिश शुरू होने से पहले मिट्टी भराई का काम पूरा करने को कहा है।

1800 मीटर लंबी फोर लेन सड़क का निर्माण शुरू

सुलतानपुर रोड से ग्रीन कॉरिडोर को जोड़ने के लिए आर्मी लैंड से मरी माता मंदिर तक 1800 मीटर लंबी फोर लेन सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। यह सड़क बनने के बाद गोमती नगर विस्तार से अर्जुनगंज की ओर आवाजाही काफी आसान हो जाएगी। इसका सीधा फायदा करीब 10 लाख लोगों को मिलने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी संगीता राघव, जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी और अधिशासी अभियंता अजीत कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button