Sports

IPL 2026 : LSG की घर में दमदार जीत… प्लेऑफ से बाहर होकर भी CSK की राह में खड़ी की दीवार

मिचेल मार्श के 90 रन व जोश इंग्लिस के साथ बड़ी साझेदारी के बाद निकोलस पूरन ने लगातार चार छक्के जड़कर 20 गेंद पहले खत्म किया मुकाबला पहले ही अंतिम चार की दौड़ से बाहर हो चुकी लखनऊ ने घरेलू मैदान पर जीत दर्ज कर सम्मान बचाया, चेन्नई छठे स्थान पर खिसकी, खराब मौसम में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देने काली पट्टी बांधकर उतरे खिलाड़ी

स्पोर्ट्स डेस्क, 16 मई 2026:

Lucknow Super Giants ने इकाना स्टेडियम में खेले गए अहम मुकाबले में Chennai Super Kings को सात विकेट से हराकर अंतिम चार की जंग को और रोमांचक बना दिया। इस हार से चेन्नई की स्थिति कठिन हो गई और टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर खिसक गई। दूसरी ओर लखनऊ भले ही अंतिम चार की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन उसने चेन्नई की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में लखनऊ ने 16.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 188 रन बना लिए। जीत की मुहर निकोलस पूरन ने लगाई, जिन्होंने 17वें ओवर की लगातार चार गेंदों पर चार छक्के जड़कर मुकाबला खत्म कर दिया।

लखनऊ की जीत के सबसे बड़े नायक मिचेल मार्श रहे। उन्होंने 38 गेंदों पर नौ चौके और सात छक्कों की मदद से 90 रन की तूफानी पारी खेली। वह शतक से चूक गए, लेकिन शुरुआत से ही चेन्नई के गेंदबाजों पर हावी रहे। जोश इंग्लिस ने 32 गेंदों पर 36 रन बनाए और मार्श के साथ 100 से अधिक रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पूरन ने 17 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए, जबकि मुकुल चौधरी 13 रन बनाकर नाबाद लौटे।

ये भी पढ़ें:

चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 7.2 ओवर में 52 रन तक सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़ और उर्विल पटेल के विकेट गंवा दिए। सैमसन ने 20, गायकवाड़ ने नौ और उर्विल ने छह रन बनाए। इसके बाद कार्तिक शर्मा ने पारी संभाली और 42 गेंदों पर छह चौके और पांच छक्कों की मदद से 71 रन बनाए। डेवाल्ड ब्रेविस ने 16 गेंदों पर 25 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 70 रन की अहम साझेदारी हुई।

अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने तेजी दिखाई। उन्होंने 16 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए, जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल रहे। प्रशांत वीर ने 10 गेंदों पर 13 रन जोड़े। दोनों ने आखिरी 24 गेंदों में 45 रन जोड़कर चेन्नई को 187 रन तक पहुंचाया। पारी के अंतिम ओवर में 23 रन बने।

लखनऊ की ओर से आकाश महाराज सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट लिए। मो.शमी और शहबाज अहमद को एक-एक सफलता मिली।

इस हार के बाद चेन्नई के 12 मैचों में 12 अंक हैं और उसका नेट रन रेट 0.027 है। टीम छठे स्थान पर है। शीर्ष चार में Royal Challengers Bengaluru, Gujarat Titans, Sunrisers Hyderabad और Punjab Kings शामिल हैं।

मैच से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ी और मैच अधिकारियों ने काली पट्टी बांधकर मैदान में प्रवेश किया। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हाल में आए आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली से जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक मिनट का मौन रखा गया।

READ MORE

ये भी पढ़ें  IPL 2026 : गिल की लगातार तीसरी फिफ्टी... गुजरात ने केकेआर को फिर चटाई धूल

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button