Sports

IPL 2026 : फिन का तूफान, दिल्ली फिर ढही… KKR ने 14.2 ओवर में आठ विकेट से रौंदा

अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली को घर पर लगातार पांचवीं हार मिली। 47 गेंदों में नाबाद 100 रन ठोककर फिन एलन ने मुकाबला एकतरफा कर दिया, जबकि कार्तिक त्यागी और अनुकूल रॉय ने दो-दो विकेट लेकर दिल्ली को 142 रन पर रोका

स्पोर्ट्स डेस्क, 9 मई 2026:

Indian Premier League 2026 के मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को उसके घरेलू मैदान पर आठ विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में शुक्रवार रात खेले गए इस मुकाबले में कोलकाता ने 143 रन का लक्ष्य सिर्फ 14.2 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के सबसे बड़े नायक फिन एलन रहे, जिन्होंने 47 गेंदों पर नाबाद 100 रन की विस्फोटक पारी खेली।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत संभली हुई रही। पथुम निसांका और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। राहुल ने 14 गेंदों पर 23 रन बनाए, जबकि निसांका ने 29 गेंदों में 50 रन की तेज अर्धशतकीय पारी खेली। इसके बाद मध्यक्रम बिखर गया और टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही।

आखिरी ओवरों में आशुतोष शर्मा ने 28 गेंदों पर 39 रन बनाकर स्कोर को 142 तक पहुंचाया। कोलकाता की ओर से कार्तिक त्यागी और अनुकूल रॉय ने दो-दो विकेट लेकर दिल्ली की पारी को थामे रखा।

IPL 2026 DC vs KKR Finn Allen’s Impactful Ton (1)

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। कप्तान अजिंक्य रहाणे 13 रन बनाकर रन आउट हुए, जबकि अंगकृष रघुवंशी सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद फिन एलन ने मोर्चा संभाला और कैमरन ग्रीन के साथ तीसरे विकेट के लिए 116 रन की अटूट साझेदारी कर मुकाबला पूरी तरह कोलकाता के नाम कर दिया।

एलन ने अपनी शतकीय पारी में पांच चौके और 10 छक्के लगाए। दूसरी ओर ग्रीन 27 गेंदों पर 33 रन बनाकर नाबाद लौटे। दिल्ली की ओर से एकमात्र विकेट कप्तान अक्षर पटेल को मिला।

इस जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स ने अंक तालिका में सातवां स्थान हासिल कर लिया। टीम के अब 10 मैचों में नौ अंक हो गए हैं। वहीं 11 मैचों में आठ अंकों के साथ दिल्ली कैपिटल्स आठवें स्थान पर खिसक गई।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button