Lucknow News : नशे में पत्नी को गला घोंटकर मार डाला, पुलिस ने गांव में ही आरोपी पति को दबोचा
मृतका के बेटे प्रभात गौतम ने पिता राधाकृष्ण के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा,फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य, तीन बेटे व एक बेटी के सिर से उठा मां का साया

एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ),15 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के धनुवासांड़ गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की रस्सी से गला कसकर हत्या करने का आरोप है। घटना 14 और 15 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे की है। पुलिस ने आरोपी पति राधाकृष्ण को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शराब के नशे में हुआ विवाद
धनुवासांड़ निवासी हरिलाल के बेटे राधाकृष्ण का विवाह रेखा देवी के साथ हुआ था। दोनों के तीन बेटे व एक बेटी है। इधर काफी समय से पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। राधाकृष्ण शराब के नशे का आदी हो गया था। बीती रात भी दोनों के बीच झगड़ा शुरू हुआ। बच्चे सहम कर देखते रहे। इसी बीच रात में किसी वक्त राधाकृष्ण ने रस्सी से गला कसकर रेखा की हत्या कर दी।
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
हत्या की सूचना मिलने पर मोहनलालगंज थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने गांव से ही आरोपी पति को दबोच लिया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रेखा देवी के तीन बेटे और एक बेटी हैं। मां की हत्या की खबर से परिवार में मातम पसरा है।

बेटे ने पिता पर दर्ज कराया हत्या का केस
मृतका के बेटे प्रभात गौतम ने पिता के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी पति राधाकृष्ण को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है। हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। गांव में हत्या की खबर फैलने के बाद मृतका की माँ व अन्य परिजन भी आ गए। मां की हत्या होने से चारों संतानें सदमे में दिखीं। पिता की नशे की आदत से उजड़ा हुआ घर देखकर बच्चे बिलखते रहे।






