Government policies

लखनऊ : 26 से सजेगा तीन दिवसीय रोजगार महाकुंभ, देश-विदेश में नौकरी के हजारों मौके

लखनऊ, 21 अगस्त 2025:

नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। यूपी की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 26 से 28 अगस्त तक रोजगार महाकुंभ 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस महाकुंभ में युवाओं को संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, जापान और जर्मनी जैसे देशों में भी नौकरी पाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

सेवायोजन विभाग की निदेशक नेहा प्रकाश के मुताबिक इस मेले में 15,000 से अधिक पदों पर भर्ती होगी और मौके पर ही 10,000 से अधिक ऑफर लेटर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा रोजगार महाकुंभ में एआई प्रशिक्षण मंडप विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा, जहां उद्योग विशेषज्ञ युवाओं को डिजिटल कौशल और एआई-आधारित नौकरी की तैयारी के बारे में प्रशिक्षित करेंगे।

प्रदर्शनी में सरकारी पहल, भविष्य के कौशल रुझान और स्टार्टअप्स के नवाचार भी प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही, मुख्यमंत्री युवा स्टॉल के माध्यम से युवाओं को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

ये भी पढ़ें:

कार्यक्रम में करीब 100 राष्ट्रीय कंपनियां और 20 से अधिक अंतरराष्ट्रीय कंपनियां भाग लेंगी। यह रोजगार महाकुंभ सिर्फ एक नौकरी मेला नहीं, बल्कि युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का अवसर भी प्रदान करेगा।

प्रदेश सरकार का यह आयोजन राज्य को रोजगार और स्किल एक्सीलेंस सेंटर के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है। इस रोजगार महाकुंभ के लिए 1 लाख युवाओं के पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 50 हजार युवाओं को नौकरी दिलाने का प्रयास होगा।

ये भी पढ़ें  यूपी में 60 पार बुजुर्गों को मिल रही राहत की सौगात, जानिए कैसे मिलेगा फायदा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link