Lucknow Breaking : आज शाम घर से गाड़ी लेकर निकल रहे हैं? सावधान! हजरतगंज समेत कई रास्ते बंद
रात 8 बजे तक लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, पुलिस लाइन से पैदल मार्च के कारण कई प्रमुख रास्तों पर प्रतिबंध, घर से निकलने से पहले जान लें वैकल्पिक मार्ग, ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर भी जारी

लखनऊ, 12 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में आज शाम वाहन लेकर निकलने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम और रास्तों में बदलाव का सामना करना पड़ सकता है। मिशन शक्ति अभियान के तहत शाम पांच बजे पुलिस लाइन से पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसके मद्देनजर पुलिस लाइन से हजरतगंज और आसपास के इलाकों में शाम चार बजे से रात आठ बजे तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान कई प्रमुख चौराहों से वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से कहा है कि वे निर्धारित समय के दौरान प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें और घर से निकलने से पहले अपने रास्ते की योजना बना लें। डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को ट्रैफिक पुलिस तथा स्थानीय पुलिस की मदद से रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा। यातायात संबंधी जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
इन प्रमुख रास्तों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार आईटी चौराहे से सामान्य यातायात लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहन डालीगंज इक्का-टांगा स्टैंड चौराहे से ग्रीन कॉरिडोर मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। सुशीला स्मृतिका चौराहे से आने वाले वाहन हनुमान सेतु मंदिर की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें पंचमुखी हनुमान मंदिर कट से दाएं मुड़ना होगा।

हनुमान सेतु मंदिर चौराहे से सुभाष चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को ग्रीन कॉरिडोर, डालीगंज इक्का-टांगा स्टैंड चौराहा और डालीगंज पुल चौराहे से होकर जाना होगा। पेट्रोल पंप तिराहे से प्रेमा अपार्टमेंट की ओर जाने वाले वाहनों को आईटी चौराहे की तरफ मोड़ा जाएगा। क्लार्क अवध तिराहे से सुभाष चौराहे की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चिरैयाझील तिराहे से होकर निकलेंगे।
सुभाष चौराहे से केडी सिंह बाबू स्टेडियम तिराहे की ओर जाने वाले वाहन हनुमान सेतु मंदिर चौराहा और ग्रीन कॉरिडोर का इस्तेमाल करेंगे। वहीं, केडी सिंह बाबू स्टेडियम तिराहे से हजरतगंज जाने वाले वाहन मोतीमहल और चिरैयाझील तिराहे से होकर जा सकेंगे।
हजरतगंज जाने वालों को भी बदलना होगा रास्ता
वाल्मीकि तिराहे, मेफेयर तिराहे और अल्का तिराहे से हजरतगंज या गंज चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। वाहन चालक केडी सिंह बाबू स्टेडियम तिराहा, सुभाष चौराहा, लालबाग चौराहा, आईटीएमएस तिराहा अथवा सप्रू मार्ग की ओर निर्धारित डायवर्जन के अनुसार जा सकेंगे।
सिकंदरबाग चौराहे से हजरतगंज जाने वाले वाहनों को राणा प्रताप मार्ग या सहारागंज तिराहे से निकलना होगा। डीएसओ चौराहे से यातायात बंदरियाबाग चौराहे की ओर मोड़ा जाएगा। रॉयल होटल चौराहे से आने वाले वाहन सिसेंडी तिराहा, एनेक्सी तिराहा और लालबत्ती चौराहे से होकर जा सकेंगे।
#TrafficDiversion
दिनांक 11.10.2026 को समय 17:00 बजे रिजर्व पुलिस लाइन, लखनऊ से हजरतगंज, लखनऊ तक मिशन शक्ति के अन्तर्गत पैदल मार्च किया जाना प्रस्तावित है। जिसके दृष्टिगत समय सायं 16:00 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक आवश्यकतानुसार यातायात/डायवर्जन व्यवस्था निम्नवत रहेगीः-
#MissionShakti #LucknowTrafficPolice
#Lucknow #Trafficrules— LUCKNOW TRAFFIC POLICE (@lucknowtraffic) October 11, 2026
मोतीमहल तिराहे से केडी सिंह बाबू स्टेडियम और हिंदी संस्थान तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को क्लार्क अवध तिराहे या सहारागंज तिराहे का रास्ता लेना होगा। डनलफ तिराहे से अल्का तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को सप्रू मार्ग तिराहे से होकर निकाला जाएगा।
वाहन चालकों के लिए जरूरी सलाह
शाम चार से रात आठ बजे तक हजरतगंज और आसपास के इलाकों में जाने से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी जरूर कर लें। संभव हो तो अतिरिक्त समय लेकर निकलें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।






