योगेंद्र मलिक
देहरादून, 15 अप्रैल 2026:
उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी और संभावित हीटवेव के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को उच्चस्तरीय बैठक में सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। सबसे अहम फैसला यह रहा कि प्रदेश के सभी स्कूलों में अब नियमित अंतराल पर वॉटर बेल बजाई जाएगी जिससे छात्र-छात्राएं समय-समय पर पानी पी सकें और डिहाइड्रेशन से बचाव हो सके।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि गर्मी की तीव्रता को देखते हुए स्कूलों के समय में आवश्यक बदलाव किए जाएं। कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन सुनिश्चित हो। साथ ही ओआरएस, जरूरी दवाइयों का भंडारण और विद्यार्थियों को हीटवेव से बचाव की व्यवहारिक जानकारी देना अनिवार्य किया गया है।
बैठक में सभी डीएम को निर्देशित किया गया कि जिन क्षेत्रों में पानी की किल्लत हो वहां अस्थायी रूप से निर्माण कार्यों पर रोक लगाई जाए। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाजारों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए गए हैं। हर जनपद में हीटवेव एक्शन प्लान तैयार कर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और वहां विशेष निगरानी की बात कही गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार ने व्यापक तैयारी के निर्देश दिए हैं। सभी अस्पतालों में हीटवेव प्रभावित मरीजों के लिए पर्याप्त बेड, समर्पित वार्ड, दवाइयां, ओआरएस और आइस पैक की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। एम्बुलेंस में भी आइस पैक और ओआरएस अनिवार्य किए गए हैं, जबकि मेडिकल स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए दोपहर में भारी कार्य से बचने, कार्यस्थलों पर छायादार विश्राम स्थल और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कूलिंग स्पेस, प्याऊ और वॉटर कियोस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऊर्जा आपूर्ति को लेकर भी सरकार अलर्ट है। बढ़ती मांग को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मर का पर्याप्त स्टॉक और वैकल्पिक योजना तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने साफ किया है कि इस बार गर्मी से निपटने के लिए कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी डीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।






