योगेंद्र मलिक
देहरादून, 29 मार्च 2026:
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के इन्द्रानगर में प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 132वें एपिसोड को जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ सुना। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम के महत्व और उसके व्यापक प्रभाव पर चर्चा करते हुए इसे देश और समाज को जोड़ने वाला एक अनूठा जनसंवाद मंच बताया।
सीएम धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के कोने-कोने में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार उन व्यक्तित्वों की कहानियां सामने लाते हैं जो सीमित संसाधनों में भी असाधारण कार्य कर समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं। इससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
सीएम ने विशेष रूप से उत्तराखंड के संदर्भ में कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राज्य का बार-बार उल्लेख और उनके व्यक्तिगत दौरे राज्य के पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आदि कैलाश और उत्तरकाशी के हर्षिल-मुखवा जैसे क्षेत्रों का जिक्र ‘मन की बात’ में होने के बाद यहां पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
धामी ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि इस वर्ष अब तक 1.5 लाख से अधिक पर्यटक शीतकालीन यात्रा के लिए उत्तराखंड पहुंच चुके हैं। केवल आदि कैलाश क्षेत्र में ही 36,700 से ज्यादा श्रद्धालु और पर्यटक आए हैं। उन्होंने इसे राज्य के पर्यटन क्षेत्र के लिए बेहद सकारात्मक संकेत बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उत्तराखंड को ‘ऑल-सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन’ बनाने के लिए तेजी से काम कर रही है। इसके तहत सड़क, आवास, डिजिटल सेवाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही, ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों की आय बढ़े और रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
इस अवसर पर विधायक सविता कपूर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






