Uttarakhand

कॉन्क्लेव में पहुंचे सीएम धामी, कहा…चुनौतियों को मात देकर उभर रहा नया उत्तराखंड

देहरादून में आयोजित डेस्टिनेशन उत्तराखंड 2.0 कॉन्क्लेव में सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड निवेश व नवाचार का नया केंद्र बन गया है, जनता के सहयोग से नई ऊंचाई छुएंगे

देहरादून, 28 नवंबर 2025:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित डेस्टिनेशन उत्तराखंड 2.0 कॉन्क्लेव में कहा कि उत्तराखंड निवेश, नवाचार और बेहतर सुशासन का नया केंद्र बन रहा है। पिछले 25 वर्षों में राज्य ने चुनौतियों के बीच बेहतरीन उपलब्धियां हासिल की हैं।

सीएम धामी ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 में मिले 3.56 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों में से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक जमीन पर उतर चुके हैं, जिससे राज्य तेजी से उद्योगों का पसंदीदा गंतव्य बन रहा है। सिंगल विंडो सिस्टम, 30 से ज्यादा नई नीतियों और सरल लाइसेंसिंग प्रक्रिया से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने बताया कि ‘एक जनपद–दो उत्पाद’, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है। धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के विकास के लिए केदारखंड, मानसखंड, यमुनातीर्थ, हरिद्वार–ऋषिकेश और शारदा कॉरिडोर पर तेजी से काम चल रहा है। शीतकालीन यात्रा की पहल से सालभर पर्यटन को बढ़ावा मिला है।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड ने SDG इंडेक्स में देश में प्रथम स्थान, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में अचीवर्स श्रेणी और स्टार्टअप रैंकिंग में लीडर कैटेगरी हासिल की है। बेरोजगारी में 4.4% की कमी और 26 हजार युवाओं की सरकारी भर्ती सरकार की पारदर्शिता का प्रमाण है। कानून-व्यवस्था पर उन्होंने बताया कि यूसीसी, एंटी-लैंड जिहाद और सख्त नकल विरोधी कानून ने सुशासन को मजबूती दी है। 10 हजार एकड़ से अधिक सरकारी जमीन कब्जामुक्त कराई गई और 250 से अधिक अवैध मदरसों को बंद किया गया है। सीएम ने कहा कि जनता के सहयोग से उत्तराखंड आने वाले समय में नई ऊंचाइयाँ छुएगा। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें  Congress Mission 2027: नई कमेटी का गठन, इन 23 चेहरों को मिली जगह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button