अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं, जनता के द्वार पहुंचेगी सरकार! धामी ने अधिकारियों को दी दो टूक हिदायत
सेवा संकल्प अभियान के तहत देहरादून में बहुउद्देशीय शिविर, सीएम ने कहा- शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करें अधिकारी; ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने की भागीदारी

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 10 अक्टूबर 2026:
उत्तराखंड में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर साहब सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अधिकारियों को दो टूक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आम जनता को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर तय समय में किया जाए। किसी मामले में अधिक समय लगना जरूरी हो तो संबंधित व्यक्ति को इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाए।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि जनसमस्याओं का समाधान महज औपचारिकता नहीं बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। सीएम धामी देहरादून में सेवा संकल्प अभियान के तहत तपोवन रोड पर आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट तथा बाल विकास विभाग की महालक्ष्मी एवं किशोरी किट वितरित कीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और जहां संभव हो, मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए।
योजनाओं का लाभ पाने में आड़े न आएं प्रक्रियागत अड़चनें
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों का मकसद सरकारी योजनाओं और सुविधाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना है। सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव या प्रक्रियागत जटिलताओं के कारण जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।
उन्होंने बताया कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दो चरणों में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की। इस अभियान के जरिए लोगों की समस्याओं के समाधान के साथ पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं पर भी जोर
धामी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से संचालित किया जा रहा है। इसके तहत आयोजित शिविरों में स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श और अन्य सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड जैसी योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्रतिबद्धता है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसेवा में संवेदनशीलता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में अनावश्यक परेशानी न हो। शिविर में विधायक उमेश शर्मा, डीएम डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल, सीडीओ अभिनव शाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






