लखनऊ में सनसनी: संदिग्ध हालात में अपार्टमेंट से गिरकर होटल कारोबारी की मौत, मां बोलीं- बेटे की हत्या हुई, गर्लफ्रेंड समेत 5 पर केस
आंखें में चोट-जबड़ा टूटने से लेकर सिगरेट से जलाने तक के गंभीर आरोप, KGMU में शव छोड़कर भागने का दावा, हजरतगंज क्षेत्र में लिव-इन में रहती थी गर्लफ्रेंड, पुलिस खंगाल रही मौत का राज
लखनऊ, 10 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के पॉश हजरतगंज क्षेत्र स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में होटल कारोबारी युवक शिवा शर्मा (28) की संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिवा की मां रंजना शर्मा ने बेटे की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए उसकी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, आदिल, ड्राइवर समेत पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। शिवा पिछले चार महीने से श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। वह वंदे मातरम् चिकन और आंगन रेस्टोरेंट चलाता था। इसके अलावा उसका एक कैफे भी था। परिवार अलीगंज के सेक्टर-एफ स्थित सी-40 में रहता है।
तबीयत खराब होने का फोन, अस्पताल पहुंचे तो मिला शव
शिवा की मां रंजना शर्मा के अनुसार श्रद्धा दुबे और उसकी बहन के ड्राइवर आदिल ने फोन कर बताया कि शिवा की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। बाद में उसे केजीएमयू ले जाने की सूचना मिली। परिजन जब वहां पहुंचे। मां का आरोप है कि श्रद्धा और उसके साथ मौजूद लोग शिवा का शव दिखाकर वहां से भाग गए।

रंजना के मुताबिक शिवा को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। उसके शरीर पर केवल अंडरवियर थी। शरीर पर मेकअप लगा होने का दावा भी उन्होंने किया है।
जबड़ा और पसलियां टूटने का आरोप
मां ने आरोप लगाया कि शिवा के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। उनके मुताबिक बेटे की दोनों आंखें में चोट और जबड़ा टूटा हुआ था। नाक-कान से खून बह रहा था, जबकि टांग और पसलियों में भी चोटें थीं। शरीर पर सिगरेट से जलाने और खरोंच के निशान होने का भी दावा किया गया है।
रंजना का कहना है कि इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें बेटे की मौत के पीछे साजिश की आशंका है।

पहले भी धमकी देने का दावा
रंजना शर्मा ने आरोप लगाया कि श्रद्धा उनके बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने, बदनाम करने और मारपीट करने की धमकी देती थी। करीब छह-सात दिन पहले दुकान पर आकर भी धमकाने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि 8 अक्टूबर को श्रद्धा का ड्राइवर दानिश उनके घर से फॉर्च्यूनर की चाबी लेकर गाड़ी ले जाने की कोशिश कर रहा था। विरोध करने पर वह गाड़ी छोड़कर भाग गया। शिवा की मां के मुताबिक केजीएमयू की इमरजेंसी के बाहर श्रद्धा की बहन रश्मि का ड्राइवर दानिश एम्बुलेंस के पास खड़ा था। परिजनों को देखकर उसके भागने का आरोप भी लगाया गया है।

पुलिस के सामने कई सवाल
एसीपी रजनीश वर्मा के मुताबिक युवक चौथी मंजिल से गिरा था। मुकदमा दर्ज कर घटना के कारणों की जांच की जा रही है। सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि शिवा की मौत दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी।






