Sitapur City

Sitapur News : दालमंडी बाजार में पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप, एक भाई की हत्या, दूसरा लखनऊ रेफर

दो परिवारों के बीच दुकान पर मालिकाना हक को लेकर चल रहा था विवाद, लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार से बीच बाजार किया गया हमला, मुख्य आरोपी की मां और बहन हिरासत में

सीतापुर, 10 अक्टूबर 2026:

यूपी के सीतापुर शहर के बीच दालमंडी बाजार में शनिवार दोपहर दुकान पर कब्जे को लेकर चल रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो परिवारों के बीच हुई मारपीट में बबलू राठौर (58) की जान चली गई, जबकि उसका भाई छोटू राठौर (35) गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद छोटू को लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रवींद्र उर्फ कल्लू की मां कमलेश और बहन रेनू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कल्लू की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

चाचा के परिवार से चल रहा था दुकान पर कब्जे का विवाद

दुर्गापुरवा मोहल्ले में रहने वाले बबलू राठौर का अपने चाचा रामचंद्र के परिवार से बाजार में स्थित एक दुकान पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार दोपहर इसी मामले को लेकर दोनों पक्ष दालमंडी बाजार में आमने-सामने आ गए। बबलू और उसके भाई छोटू की रामचंद्र के बेटे कल्लू, उसकी मां कमलेश और बहन रेनू से कहासुनी होने लगी। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार से हमला

विवाद के दौरान बबलू और छोटू पर लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार से हमला किया गया। दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। खून से लथपथ सड़क पर गिरे दोनों की मदद को कोई आगे नहीं आया। इधर घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने बबलू को मृत घोषित कर दिया, जबकि छोटू की हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।

ये भी पढ़ें:

घटना के बाद मां-बेटी हिरासत में, बेटे की तलाश जारी

दो परिवारों के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत की सूचना पर एएसपी आलोक सिंह और सीओ सिटी विनय कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया, साथ ही घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस ने कमलेश और रेनू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मामले में मुख्य आरोपी रवींद्र उर्फ कल्लू की तलाश की जा रही है।

Advertisement

बंद पड़ी दुकान से जुड़ी है विवाद की जड़

सीओ सिटी विनय कुमार यादव ने बताया कि आरोपी पक्ष रामचन्द्र की दालमंडी में एक दुकान है। इसी के बगल में एक दुकान बंद पड़ी है। इसी बंद दुकान के मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा था। बबलू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के साथ जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  राज्यमंत्री सुरेश राही को फोन पर दी धमकी, मांगा सिलेंडर, कहा...20 हजार हर महीने चाहिए

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link