
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 22 अगस्त 2026ः
चीनी की बढ़ती कीमतों और एथनॉल को लेकर विपक्ष मोदी सरकार पर निशाना साध रही है। वहीं, जनता में भी इसको लेकर आक्रोश है। इसी क्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चीनी महंगी होने और एथनॉल मिश्रित पेट्रोल के विरोध में शनिवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में ईसी रोड स्थित पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन किया। एआईसीसी सदस्य एवं कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तंज कसा।
प्रदेश उपाध्यक्ष धस्माना ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की एथनॉल नीति के कारण उपभोक्ताओं को एथनॉल मिश्रित पेट्रोल इस्तेमाल करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इससे पेट्रोल वाहनों के इंजन प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना था कि गन्ने से एथनॉल उत्पादन बढ़ने के कारण चीनी उत्पादन प्रभावित हुआ है, जिससे चीनी की कीमतों में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण आम जनता पहले से परेशान है और अब पेट्रोल व चीनी की कीमतों का असर सीधे घरेलू बजट पर पड़ रहा है।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों ने गरीबों की थाली से भोजन और चाय की प्याली से मिठास छीन ली है। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस जल्द ही महंगे पेट्रोल और चीनी की कीमतों के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। इसके तहत जिलों, शहरों, ब्लॉकों और न्याय पंचायत स्तर पर प्रदर्शन व धरने किए जाएंगे। प्रदर्शन में मदन लाल, दिनेश कौशल, संगीता गुप्ता, मुकीम अहमद, राजेश पुंडीर, राजेश उनियाल, इलियास अंसारी आदि मौजूद रहे।






