
एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 22 अगस्त 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में पुलिस के रवैये से नाराज भारतीय किसान क्रांति यूनियन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मोहनलालगंज थाने का घेराव किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गरीबों, किसानों की शिकायतों पर सुनवाई न होने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने संगठन के लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे।

गरीबों की पैरवी करने पर अभद्रता का आरोप
किसान संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि मोहनलालगंज पुलिस गरीब, किसान व असहाय लोगों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेती। संगठन का दावा है कि जब उसके पदाधिकारी किसी गरीब की पैरवी करने थाने पहुंचते हैं तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया जाता है। आरोप है कि पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी तक दी जाती है।
उदयराज के मामले को लेकर उठाए सवाल
संगठन ने 21 अगस्त को शिवढरा गांव में हुई घटना का हवाला देकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। संगठन के मुताबिक गांव निवासी उदयराज अपनी भूमिधरी जमीन पर पिलर लगवाने गए थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष से विवाद हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। किसान संगठन का आरोप है कि प्रभाव के चलते दूसरे पक्ष को थाने से छोड़ दिया गया, जबकि उदयराज को पूरे दिन थाने में बैठाए रखा गया।

चोरी व नशीले पदार्थों की बिक्री पर भी नाराजगी
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने इलाके में चोरी की घटनाओं को लेकर भी पुलिस पर सवाल उठाए। संगठन का कहना है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
समाधान नहीं तो शुरू होगा बेमियादी धरना
भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि आज उनकी शिकायतों का समाधान नहीं हुआ तो मोहनलालगंज थाने के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। संगठन ने किसानों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि मिश्रा ने कहा कि किसानों की मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उनका आरोप है कि गरीबों व किसानों के साथ किसी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस से शिकायतों की निष्पक्ष जांच करने की मांग करते हुए कहा कि संगठन अपने कार्यकर्ताओं व किसानों की समस्याओं को लेकर आगे भी आवाज उठाता रहेगा।






