
एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 1 जुलाई 2026:
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन बुधवार को मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र में सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनसंपर्क के कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। गांवों में पौधरोपण, केक काटने, पौधा वितरण और भंडारे का आयोजन हुआ। पूरे दिन कार्यकर्ताओं ने लोगों को पर्यावरण बचाने का संदेश भी दिया।
रानीखेड़ा-हरिकंश गढ़ी और नरपतगंज-सरथुआ में सेक्टर प्रभारी सुरेश कुमार रावत व मुलायम यादव के नेतृत्व में जन्मदिन कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य अतिथि सांसद आरके चौधरी, पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर और सपा नेता अमर पाल सिंह ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद केक काटा गया, वृक्षारोपण हुआ, मिठाइयां बांटी गईं और भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष व सांसद प्रतिनिधि उमाशंकर वर्मा ने की। इस मौके पर अमरेन्द्र यादव बाबा, सुनील कुमार रावत, सतीश गुप्ता, अशर्फी लाल धीमान, बुद्धि लाल धीमान, चंद्रशेखर यादव मौजूद रहे।

इधर, मोहनलालगंज के नूरपुर बेहटा, फरीदपुर और शेखनापुर गांव में सपा की जिला उपाध्यक्ष अर्चना रावत की अगुवाई में बड़े स्तर पर Plantation Drive चलाया गया। इस दौरान करीब 500 पौधे लगाए गए। ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों को भी पौधे देकर उनकी देखभाल करने की अपील की गई। अर्चना रावत ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और बदलते मौसम को देखते हुए हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। अभियान के बाद नूरपुर में केक काटकर कार्यकर्ताओं ने जन्मदिन मनाया। कार्यक्रम में दिनेश प्रधान, हरि प्रसाद लोधी, राजू यादव, मुकेश यादव, अनिल कुमार, रंजीत रावत मौजूद रहे।






