Barabanki City

मुख्तार के शूटर व पूर्व प्रमुख शोएब ‘बॉबी’ की हाईवे पर दिनदहाड़े हत्या…कई राउंड फायरिंग से रुका ट्रैफिक

बसपा से जुड़कर राजनीति में रखा था कदम, लखनऊ राजभवन के पास जेल अधीक्षक आरके तिवारी की हत्या में मुख्तार के साथ जुड़ा था नाम, आज लखनऊ से लौटते समय असेनी मोड़ पर बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग

बाराबंकी, 13 फरवरी 2026:

लखनऊ से वापस लौट रहे पूर्व ब्लॉक प्रमुख और माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी बताए जाने वाले शोएब किदवाई बॉबी की शुक्रवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात लखनऊ रोड स्थित असेनी मोड़ के पास उस समय हुई जब वह कार से अपने घर लौट रहे थे।

लखनऊ रोड स्थित डीएम आवास से पूर्व अपने आलीशान बंगले में रहने वाला शोएब बॉबी अपनी कार से आज लखनऊ से घर लौट रहा था। असेनी मोड़ पर पहले से मौजूद दो बाइक पर सवार बदमाशों ने उसकी कार को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि करीब 10 राउंड गोलियां चलाई गईं।

WhatsApp Image 2026-02-13 at 3.09.46 PM

गोलियों की आवाज से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल शोएब को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और छानबीन शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने सभी बिंदुओं पर जांच की बात कही है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

बता दें पूर्व में बसपा से जुड़कर राजनीति में सक्रिय रहा शोएब बंकी का ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख रहा। लखनऊ स्थित राजभवन के पास चार फरवरी 1999 को जेल अधीक्षक आरके तिवारी की हत्या के बाद वो सुर्खियों में आ गया था। हत्या की घटना में मुख्तार के साथ उसका नाम भी प्रमुखता से आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button