Uttarakhand

‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आगाज… घाटी में दिखा रेस का जोश, सीमांत क्षेत्रों को मिलेगी नई पहचान

उत्तराखंड में भारतीय सेना व आईटीबीपी के सहयोग से कार्यक्रम का हुआ आयोजन, 28 राज्यों से 933 प्रतिभागी कर रहे प्रतिभाग, मंत्री भरत सिंह चौधरी ने किया शुभारंभ

योगेंद्र मलिक

चमोली, 31 मई 2026ः

उत्तराखंड के चमोली में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आज से आगाज हुआ। पर्यटन विभाग की ओर से भारतीय सेना व आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस आयोजन में 28 राज्यों से आए 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना और युवाओं को फिटनेस के लिए जागरूकता करना है।

मंत्री भरत सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास व पर्यटन संवर्धन के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यह आयोजन ‘फिट इंडिया’ मुहिम को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना है। कहा कि सीमांत गांवों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

Niti Extreme Ultra Run Begins A Historic Event (1)

जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन आज से शुरू हुआ है। यह दो जून तक चलेगा। पहले दिन रिमखिम-नीति-मलारी 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें 117 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं, मलारी-नीति-मलारी 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में 5, 10 व 21 किलोमीटर की हॉफ मैराथन स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।

समापन अवसर पर गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। इससे पूर्व शनिवार रात मलारी गांव में पर्यटन विभाग की ओर से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। लोकगायक किशन महिपाल ने कार्यक्रम में समां बांध दिया।

Niti Extreme Ultra Run Begins A Historic Event (2)

इस अवसर पर राज्य मंत्री हरक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, महामंत्री अरुण मैठाणी, गृह सचिव शैलेश बगोली, सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल आदि उपस्थित रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button