Lucknow CityUttar Pradesh

राजभर का अखिलेश पर तीखा हमला : सपाई राज था गुंडागर्दी का दौर, एक-एक जातीय हिंसा की याद दिलाऊंगा

कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा प्रमुख ने एक्स पर लंबी पोस्ट में बुलंदशहर और बदायूं कांड का किया जिक्र, बोले- पिछड़ों और दलितों पर हुए अत्याचारों की पूरी फेहरिस्त जनता के सामने रखूंगा

लखनऊ, 13 जुलाई 2026:

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई लंबी पोस्ट में राजभर ने सपा शासनकाल को गुंडागर्दी, अराजकता और आतंक का दौर बताते हुए कई चर्चित घटनाओं का उल्लेख किया और अखिलेश यादव को सीधे निशाने पर लिया।

राजभर ने लिखा कि अखिलेश यादव जी! परसों आपके लोगों की गुंडई देखकर मुझे आपके पूरे मुख्यमंत्रित्व काल की सपाई गुंडागर्दी और अराजकता याद आ गई। आपकी सरकार में हुए कर्म और कांड आज भी लोगों के जेहन में जिंदा हैं।

उन्होंने वर्ष 2016 के बुलंदशहर गैंगरेप मामले का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक मां और उसकी 14 वर्षीय बेटी के साथ हुई दरिंदगी आज भी रोंगटे खड़े कर देती है। उन्होंने दावा किया कि पीड़िता की गुहार के बावजूद आरोपियों ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दी थीं। राजभर ने इस मामले पर तत्कालीन सपा नेता आजम खान के बयान को भी अशोभनीय बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता उसे भूली नहीं है।

राजभर ने कहा कि योगी सरकार में वर्ष 2020 में इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की गई। आरोप लगाया कि आरोपी ने पुलिस पर हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस कार्रवाई में वह मारा गया। उन्होंने लिखा कि यह सपाई राज नहीं था, जहां पुलिस गुंडों के सामने सरेंडर कर दे।

कैबिनेट मंत्री ने वर्ष 2014 के बदायूं कांड का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उस घटना के अधिकांश आरोपी सपा से जुड़े प्रभावशाली वर्ग के थे। उन्होंने फिल्म आर्टिकल-15 का हवाला देते हुए दावा किया कि इस मामले की वास्तविकता को बदलने की कोशिश की गई लेकिन सच्चाई कभी नहीं बदली जा सकती।

पोस्ट के अंत में राजभर ने अखिलेश यादव को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अब सपा सरकार के दौरान हुई कथित जातीय हिंसा, पिछड़ों और दलितों पर हुए अत्याचार, मारपीट, हत्या और दुष्कर्म की घटनाओं की पूरी फेहरिस्त जनता के सामने रखी जाएगी। उन्होंने लिखा, तैयार रहिए अखिलेश जी, आपकी सरकार की एक-जनपद, एक-जातीय हिंसा की याद आपको दिलाकर रहूंगा। हमें पिछड़ों और दलितों पर हुए हर जुल्म का हिसाब याद है।

READ MORE

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा पिछले 31 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने 'अमर उजाला', 'दैनिक जागरण' और 'राष्ट्रीय सहारा' जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में फील्ड रिपोर्टिंग और संपादन का लंबा अनुभव प्राप्त किया है। डेढ़ दशक से अधिक समय तक क्राइम और खोजी रिपोर्टिंग करने वाले राकेश जी को यूपी के राजनीतिक व प्रशासनिक परिदृश्य की गहरी समझ है...और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button