
लखनऊ, 10 जुलाई 2026:
यूपी की ब्यूरोक्रेसी में बड़ा फेरबदल किया गया है। सरकार ने सचिव और विशेष सचिव स्तर के 20 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए हैं। इस बदलाव में आजमगढ़, बलिया और इटावा के सीडीओ को भी बदल दिया गया है। पीसीएस से आईएएस बने कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा बनीं नेहा शर्मा
जारी तबादला सूची के अनुसार सुधा वर्मा को सचिव राजस्व के पद से हटाकर श्रमायुक्त बनाया गया है। डॉ. सारिका मोहन को महानिदेशक एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा से महानिरीक्षक निबंधन की जिम्मेदारी दी गई है जबकि नेहा शर्मा को महानिरीक्षक निबंधन से महानिदेशक एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा बनाया गया है। अरुण कुमार को अपर महानिदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म से मिशन निदेशक राज्य आजीविका मिशन नियुक्त किया गया है। जे. रीभा को विशेष सचिव भूतत्व एवं खनिकर्म के साथ अपर निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
दीपा रंजन को विशेष सचिव संस्कृति की जिम्मेदारी
दीपा रंजन को राज्य आजीविका मिशन से विशेष सचिव संस्कृति विभाग भेजा गया है। संजय कुमार प्रथम को विशेष सचिव संस्कृति के प्रभार से मुक्त करते हुए निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। वहीं विशाल सिंह को निदेशक सूचना बनाए रखते हुए निदेशक संस्कृति एवं विशेष सचिव संस्कृति के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
बलिया और इटावा के CDO बदले गए
जग प्रवेश को नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन से विशेष सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बनाया गया है। ओजस्वी राज को बलिया के सीडीओ से नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन और आलोक कुमार को एडीएम (वि/रा) से सीडीओ बलिया नियुक्त किया गया है। अजय कुमार गौतम को सीडीओ इटावा से अपर आयुक्त राज्यकर गाजियाबाद प्रथम तथा संजय कुमार सिंह को एडीएम (प्रशासन) मुजफ्फरनगर से सीडीओ इटावा बनाया गया है।
मनिकंदन ए. को प्रतीक्षारत सूची से निकालकर अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. वंदना वर्मा को संयुक्त प्रबंध निदेशक सहकारी चीनी मिल्स संघ का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
आजमगढ़ के CDO बनाए गए डॉ. राकेश पटेल
तबादला सूची में सबसे अधिक चर्चा संदीप भागिया की रही। विवादों में घिरे अपर आयुक्त राज्यकर गौतमबुद्धनगर एवं गाजियाबाद द्वितीय संदीप भागिया को प्रबंध निदेशक, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम भेजा गया है। वहीं परीक्षित खटाना को सीडीओ आजमगढ़ से अपर आयुक्त राज्यकर गौतमबुद्धनगर, डॉ. राकेश पटेल को अपर आयुक्त लखनऊ मंडल से सीडीओ आजमगढ़ बनाया गया है।
विशेष सचिव रेणु तिवारी अतिरिक्त प्रभार से कार्यमुक्त
इसके अलावा रेणु तिवारी को विशेष सचिव महिला कल्याण एवं राज्य महिला आयोग सचिव के साथ बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के विशेष सचिव के अतिरिक्त प्रभार से कार्यमुक्त कर दिया गया है। इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था में नई ऊर्जा और बेहतर कार्यकुशलता की दिशा में सरकार का बड़ा कदम माना जा रहा है।






