Uttar Pradesh

चढ़ावा घपले पर RSS ने तोड़ी चुप्पी, कहा, भरोसा कायम रखने को बने पारदर्शी व्यवस्था, दोषी भुगतें सजा

अयोध्या स्थित राम मंदिर से जुड़े मामले पर सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले का आया बयान, धार्मिक गरिमा बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम।उठाए जाएं, मंदिर प्रबंधन से कमियां दूर करने की अपील, समाज से संयम बनाए रखने का आह्वान

न्यूज डेस्क, 3 जुलाई 2026:

Ram Mandir Donation Row को लेकर चल रहे विवाद के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि अयोध्या के रामलला मंदिर के दान पात्र में जमा रकम की चोरी की घटना से करोड़ों रामभक्तों की आस्था को गहरी ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी मिले, उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए।

होसबाले ने जारी बयान में कहा कि राम जन्मभूमि पर बना भव्य मंदिर कई पीढ़ियों के संघर्ष, समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। ऐसे में दान पात्र से रकम चोरी की घटना पूरे हिंदू समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को प्रभावित किया है।
rss-dattatreya-hosabale-reacts-ayodhya-ram-mandir-donation-theft-case-row (2)

संघ ने बताया कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रह पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल का गठन किया है। जांच की सिफारिशों के आधार पर कानूनी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी पारदर्शिता से होनी चाहिए ताकि किसी भी दोषी को बख्शा न जाए।

दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि न्यास से पूरे हिंदू समाज की यह स्वाभाविक उम्मीद है कि इस घटना को सामान्य मामला न मानते हुए व्यवस्था की हर कमी को दूर किया जाए। मंदिर के वित्तीय प्रबंधन, संचालन व्यवस्था, पारदर्शिता, शुद्धता और धार्मिक गरिमा को मजबूत बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं, जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं का भरोसा पहले की तरह कायम रहे।

उन्होंने कहा कि मौजूदा भ्रम और असमंजस की स्थिति जल्द खत्म होनी चाहिए। मंदिर प्रबंधन और सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल इस दिशा में जरूरी पहल करेंगे, ऐसी उम्मीद है। अपने बयान के आखिर में संघ ने पूरे हिंदू समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की। साथ ही कहा कि इस घटना का फायदा उठाकर हिंदू विरोधी और राष्ट्र विरोधी ताकतें समाज को बदनाम करने की कोशिश कर सकती हैं, ऐसे किसी भी षड्यंत्र को सफल नहीं होने देना चाहिए।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button