
देहरादून, 3 जुलाई 2026:
उत्तराखंड में चल रही Special Intensive Revision (SIR) प्रक्रिया के बीच शुक्रवार को सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे ने SIR अभियान की प्रोग्रेस साझा करते हुए राजनीतिक दलों से Uncollected Category में शामिल मतदाताओं के घर-घर सत्यापन में सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 को आधार तिथि मानकर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण चल रहा है। 8 जून से 7 जुलाई तक गणना पत्रों के वितरण और Digitization का काम किया जा रहा है। प्रदेश में कुल 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं में से 70 लाख 98 हजार 501 मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि 8 लाख 39 हजार 486 मतदाता Uncollected Category में शामिल हैं। इनमें 1 लाख 23 हजार 836 मृत मतदाता, 4 लाख 77 हजार 148 स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके मतदाता, 61 हजार 764 पहले से पंजीकृत, 1 लाख 68 हजार 259 अनुपस्थित मिले, जबकि 8 हजार 479 मतदाता अन्य कारणों से इस श्रेणी में शामिल किए गए हैं। इस तरह अब तक कुल 79 लाख 45 हजार 658 मतदाताओं का डेटा डिजिटाइज हो चुका है।
बैठक में बताया गया कि 14 जुलाई 2026 को Draft Roll प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। 14 जुलाई से 11 सितंबर के बीच नोटिस की प्रक्रिया पूरी होगी और दावों व आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। अंतिम Voter List का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को होगा।

डॉ विजय कुमार जोगदंडे ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से हर बूथ पर बूथ लेवल एजेंट यानी BLA की नियुक्ति सुनिश्चित करने की भी अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 11 हजार 733 पोलिंग बूथों के मुकाबले अब तक विभिन्न राजनीतिक दल 23 हजार 102 BLA नियुक्त कर चुके हैं।
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, भाजपा से राजकुमार पुरोहित, कांग्रेस से अमरेंद्र बिष्ट, आम आदमी पार्टी से श्याम बाबू पांडेय, बीएसपी से सत्यपाल और सीपीआई(एम) से अनंत आकाश मौजूद रहे।






