Uttarakhand

टनल हादसा: मृतकों के परिजन को मिलेंगे पांच-पांच लाख रुपये, दो अभी भी लापता

उत्तराखंड में 13 अगस्त को विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टेल रेस टनल में हुआ था हादसा, टीमों ने 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला था, अब तक आठ की हो चुकी मौत, कंपनी ने आर्थिक मदद की घोषणा की

राजकिशोर तिवारी

ऋषिकेश, 16 अगस्त 2026ः

उत्तराखंड में विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी) के टेल रेस टनल (टीआरटी) में हुए हादसे में मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक मदद देने की घोषणा की गई है। यह घोषणा टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने की है। कंपनी मृतक श्रमिक के परिजन को 5 लाख और घायल को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी। वहीं, हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और दो अभी भी लापता हैं।

टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड प्रबंधन ने हादसे में हुई जनहानि पर दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत श्रमिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। कंपनी ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है और इस कठिन घड़ी में टीएचडीसीआईएल प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। प्रबंधन ने कहा कि मृतक श्रमिकों के परिजनों को निर्धारित सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि हादसे में घायल श्रमिकों को भी आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

ये भी पढ़ें:

कंपनी ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। टीएचडीसीआईएल ने कहा कि हादसे से प्रभावित परिवारों की पीड़ा को समझते हुए कंपनी उनके साथ लगातार समन्वय बनाए रखेगी और आवश्यकता के अनुसार सहयोग प्रदान करेगी। हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के प्रति कंपनी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

बता दें कि मायापुर (पीपलकोटी) में 13 अगस्त को टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की करीब तीन किलोमीटर लंबी टीआरटी टनल में लगभग डेढ़ किलोमीटर अंदर अचानक भूधंसाव के बाद मलबा और पानी भर गया था। इसी दौरान टनल में काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस समेत कई एजेंसियां ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।

टीमों ने हादसे वाले दिन सात मजदूरों की मौत की पुष्टि की थी और तीन लापता बताए थे। अब हादसे में मरने वाले लोगों की संख्या आठ हो गई है और अभी भी दो लापता हैं। सीएम धामी ने हादसे के दूसरे दिन घटनास्थल पर पहुंच कर अधिकारियों से पूरी स्थिति की जानकारी ली थी। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए थे।

ये भी पढ़ें  वाइन शॉप फायरिंग कांड का खुलासाः तीन आरोपी गिरफ्तार, शादी समारोह में हुआ था विवाद

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button