लखनऊ : विद्युत कनेक्शन के बदले मांगी रिश्वत, वीडियो वायरल… अवर अभियंता को मिली ये सजा
एमएम खान
लखनऊ, 26 अक्टूबर 2025 :
राजधानी लखनऊ के अमौसी जोन अंतर्गत मोहनलालगंज डिवीजन में तैनात अवर अभियंता सतेंद्र कुमार को उपभोक्ता से रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। ये कार्रवाई अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल लखनऊ ग्रामीण सेवा क्षेत्र अमौसी ने की है।
बताया गया कि कुछ दिनों पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें अभियंता पर उपभोक्ता से कनेक्शन के बदले रिश्वत की मांग करने का आरोप लगाया गया था। वीडियो सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए गए। जांच रिपोर्ट मिलने पर अभियंता सतेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया। आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अधीक्षण अभियंता कार्यालय अमौसी, लखनऊ निर्धारित किया गया है।
अवर अभियंता सतेंद्र कुमार 33/11 केवी उपकेंद्र मोहनलालगंज ओल्ड पर तैनात थे। उन पर आचरण नियमों के उल्लंघन और उपभोक्ता से अनुचित मांग करने के आरोप साबित पाए गए। अधीक्षण अभियंता भुवन कुमार सरस्वती ने निर्देश दिए हैं कि अभियंता के विरुद्ध विभागीय जांच की कार्रवाई भी की जाएगी। इस सख्त कदम के बाद विद्युत विभाग के अन्य अधिकारियों में भी हलचल मच गई है।






