UP में फिर चली तबादला एक्सप्रेस : अब 181 PCS अफसरों का ट्रांसफर, कई जिलों में बड़ा बदलाव
10-12 घंटों में हुआ 363 अधिकारियों का स्थानांतरण, अधिकांश हैं एसडीएम, लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, आगरा, प्रयागराज, गाजियाबाद, नोएडा, बाराबंकी, कानपुर समेत कई जिलों में असर, विकास प्राधिकरणों और नगर निकायों में भी फेरबदल

लखनऊ, 13 जुलाई 2026:
यूपी में अफसरों की ट्रांसफर एक्सप्रेस चल रही है। योगी सरकार ने कुछ घंटों के दौरान दोबारा बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। रविवार देर रात प्रदेश के 182 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे तो सोमवार को 181 और अफसरों का ट्रांसफर कर दिया गया। यानी 10-12 घंटों में ही प्रदेश के 363 पीसीएस अधिकारियों को स्थानांतरित कर दिया गया।

इनमें अधिकांश तबादले उपजिलाधिकारी (एसडीएम) स्तर के अधिकारियों के हैं। कुछ अधिकारियों को नगर निगम, विकास प्राधिकरण, सूडा तथा अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आज जारी सूची में 37 महिला अधिकारियों का तबादला किया गया। दूसरी सूची में कई चर्चित एसडीएम के नाम भी शामिल हैं। इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और सुचारु बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
तबादला सूची के अनुसार निशांत तिवारी को ललितपुर से फतेहपुर, संजय यादव को गाजीपुर से प्रतापगढ़, प्रवीण यादव को अयोध्या से बलिया, मोहम्मद जफर को कुशीनगर से सोनभद्र तथा पिनाकपाणि द्विवेदी को वाराणसी से फतेहपुर भेजा गया है। वहीं नमन मेहता को बांदा से गोरखपुर, अंकुर वर्मा को सहारनपुर से जौनपुर और आकाश कुमार को भदोही से आजमगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है।

सूची में कई महिला अधिकारियों को भी नई तैनाती मिली है। शालिनी देवी को कानपुर देहात से फिरोजाबाद, अंजलि सिंह को सीतापुर से वाराणसी, शिवानी सिंह को वाराणसी से हरदोई, प्रेरणा गौतम को प्रयागराज से कौशांबी तथा प्रज्ञा सिंह को वाराणसी से लखनऊ स्थानांतरित किया गया है।

इसके अलावा कुछ अधिकारियों को विशेष पदों पर भी नई जिम्मेदारी मिली है। मल्लिका नैन को उपजिलाधिकारी बरेली से उत्तर प्रदेश वक्फ बोर्ड न्यायाधिकरण, लखनऊ का रजिस्ट्रार बनाया गया है। ऋचा सिंह को यूपीडा, लखनऊ से कानपुर नगर का उपजिलाधिकारी, आत्म स्वरूप श्रीवास्तव को उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, लखनऊ से प्रयागराज का उपजिलाधिकारी तथा कई सहायक नगर आयुक्तों को भी नए जिलों में तैनात किया गया है।

तबादला सूची में लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर, मेरठ, झांसी, आगरा, मुरादाबाद, अयोध्या, बलिया, सीतापुर, गाजीपुर, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, जौनपुर, बरेली, आजमगढ़, हरदोई और अन्य जिलों में बड़े पैमाने पर अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। प्रशासनिक हलकों में इसे शासन की नियमित समीक्षा और कार्यकुशलता बढ़ाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि नए पदस्थापन से जिलों में प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी।
देखें, अफसरों के तबादले की पूरी लिस्ट…






