Lucknow CityPoliticsUttar Pradesh

‘एसी-पीसी छोड़िए, जमीन पर आइए अखिलेश भाई… दो-दो हाथ हो जाएं’, राजभर ने सपा प्रमुख को ललकारा

2027 के चुनाव से पहले यूपी की सियासत में जुबानी जंग तेज, ओमप्रकाश राजभर बोले- ‘पुराने पाप याद आते हैं क्या? घर में रहिए, सुरक्षित रहिए’, अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर भी साध चुके हैं निशाना

लखनऊ, 1 सितंबर 2026:

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ सियासी बयानबाजी अब तल्ख होती जा रही है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर एक बार फिर सीधा और तीखा हमला बोला है। राजभर ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए उन्हें एसी कमरे और प्रेस कॉन्फ्रेंस की राजनीति छोड़कर जमीन पर उतरने की चुनौती दी।

राजभर ने लिखा, ‘अखिलेश भाई, कब तक ये हवाबाजी चलती रहेगी। एसी और पीसी से ही चुनाव लड़ लेंगे? एसी कमरे में बैठ कर पीसी करके चुनाव लड़ेंगे? जमीन पर आइये महाराज। आइये दो दो हाथ हो जाये। एकतरफा चुनाव में मजा नहीं आता है।’ उन्होंने सवाल किया कि अखिलेश यादव सीधे जनता का सामना करने से क्यों घबरा रहे हैं और तंज कसते हुए पूछा- ‘पुराने पाप याद आ जाते हैं क्या?’

सुभासपा अध्यक्ष यहीं नहीं रुके। उन्होंने सपा सरकार के 2012-2017 के कार्यकाल को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। राजभर ने दंगा, अपराध, भ्रष्टाचार, लूट-खसोट और महिलाओं के खिलाफ अपराध का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर को याद करके ‘रूह कांप जाती है’ और ऐसा लगता है कि 2012 से 2017 के बीच उत्तर प्रदेश में सरकार थी ही नहीं।

ये भी पढ़ें:

राजभर ने अखिलेश यादव की मौजूदा राजनीतिक सक्रियता पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह ‘ट्विटर, एसी, पीसी’ करते रहें लेकिन जमीन पर उनके प्रति माहौल खराब है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ जातीय और धार्मिक आधार वाले समर्थकों को छोड़ दें तो कोई उनके साथ नहीं है। राजभर ने कहा कि दस साल बीतने के बावजूद जनता अखिलेश सरकार के कार्यकाल को भूली नहीं है। अंत में उन्होंने तंज कसा- ‘घर में रहिए, सुरक्षित रहिए।’

अंकित बालियान हत्याकांड पर भी भिड़े थे राजभर

इससे एक दिन पहले भी राजभर ने अखिलेश यादव पर हमला बोला था। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के दो आरोपियों के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद उन्होंने अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा था कि जिस हत्या को लेकर वह राजनीति करना चाहते थे, उसके आरोपी अब ‘वहीं पहुंच गए, जहां उनकी जगह थी।’

राजभर ने आरोप लगाया था कि किसी बेटे की लाश पर ‘जाट’ लिखकर राजनीति करना संवेदना नहीं बल्कि ‘सौदागरी’ है। उन्होंने कहा कि हत्या मानवता के खिलाफ अपराध है और किसी गोत्र की जागीर नहीं। इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश पर चुनाव नजदीक आने पर जाति विशेष को याद करने का आरोप लगाया।

राजभर लगातार हमलावर, अखिलेश की चुप्पी

अखिलेश यादव के खिलाफ ओमप्रकाश राजभर के लगातार तीखे बयानों से यूपी की सियासत में आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले आरोप-प्रत्यारोप का तापमान बढ़ता दिख रहा है। राजभर लगातार सपा और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष को निशाने पर ले रहे हैं, जबकि अखिलेश यादव फिलहाल उनके हमलों को तवज्जो नहीं दे रहे हैं।

ये भी पढ़ें  अब कुशीनगर से दुनिया तक गूंजेगा करुणा व ज्ञान का संदेश, 11.32 करोड़ का बुद्ध थीम पार्क तैयार

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button