CrimeSitapur City

बेटी को ससुराल छोड़ने गई मां को घेरकर बरसाईं लाठियां, इलाज से पहले मौत

तीन महीने से मायके में रह रही थी बेटी, मां रिश्तेदारों के साथ उसे लेकर पहुंची थी ससुराल, पति पर भड़कने के बाद गांव के लोगों को बुलाकर मारपीट शुरू करने का आरोप, बेटी ने पति, सास समेत छह लोगों के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर

सीतापुर, 1 सितंबर 2026:

यूपी के सीतापुर जिले के महमूदाबाद में बेटी को उसकी ससुराल छोड़ने पहुंची 60 वर्षीय मां की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई । महिला अपनी बेटी को रिश्तेदारों के साथ अगैया गांव स्थित ससुराल लेकर पहुंची थी। आरोप है कि वहां बेटी के पति ने कुछ लोगों के साथ मिलकर मां पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में महिला को सीएचसी महमूदाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

शादी के बाद से चल रहा था विवाद

महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के बंशीपुर निवासी भल्लू की बेटी मोहिनी की शादी करीब 10 साल पहले अगैया गांव निवासी मुंशीलाल के बेटे रंगीलाल से हुई थी। बताया गया है कि पिछले कई महीनों से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने के बाद करीब तीन महीने पहले मोहिनी अपना सामान लेकर मायके चली गई थी। इसके बाद उसका पति उसे वापस लेने नहीं पहुंचा।

बेटी को लेकर ससुराल पहुंची मां

Advertisement

इधर मोहिनी के बच्चे की तबियत भी खराब चल रही थी। इलाज में पति से मदद मांगने के लिए मां दुलारी रिश्तेदारों के साथ बेटी को लेकर अगैया गांव पहुंची। मकसद बेटी को उसके ससुराल में भी छोड़ना था। आरोप है कि रंगीलाल ने पत्नी को मायके से वापस आते देखा तो वह भड़क गया। इसके बाद उसने गांव के कुछ लोगों को बुला लिया।

लाठी-डंडों से किया हमला

मृतका की बेटी के मुताबिक, रंगीलाल समेत आरोपियों ने दुलारी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दुलारी को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद परिजन उन्हें इलाज के लिए सीएचसी महमूदाबाद लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
sitapur-mahmudabad-mother-beaten-to-death-inlaws-daughter-dispute-fir (2)

छह लोगों पर हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोहिनी ने अपने पति रंगीलाल, सास हेमामालिनी के साथ संजय, छोटू, सुशीला व राजाराम के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।

ये भी पढ़ें  श्रावस्ती के युवक की लखनऊ में हत्या, पीठ में धंसा मिला चाकू...फुटेज से कुछ घण्टों में पकड़ा आरोपी

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link