National

मोदी के ‘दोस्तों’ ने रोक लिया रास्ता! लालकिला जाने से पहले मोर व गायों संग PM का खास पल

स्वतंत्रता दिवस की सुबह लोक कल्याण मार्ग पर दिखा प्रधानमंत्री मोदी का अलग अंदाज, इंस्टाग्राम वीडियो में मोरों को दाना और देसी गायों को चारा खिलाते नजर आए, बोले- हर सुबह अपने दोस्तों को खाना खिलाना मेरी रोज की दिनचर्या है

न्यूज डेस्क, 16 अगस्त 2026:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम के जरिए लोगों और नई पीढ़ी से सीधे संवाद का नया अंदाज अपना रहे हैं। रविवार दोपहर उन्होंने एक और वीडियो साझा किया जिसमें उनका बेहद सहज और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। वीडियो में प्रधानमंत्री अपने सरकारी आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर मोरों और पुंगनूर समेत छोटे आकार की देसी गायों के साथ नजर आए।

वीडियो की खास बात यह है कि इसमें प्रधानमंत्री स्वतंत्रता दिवस की सुबह के उन पलों को साझा किया जब वे लालकिले पर तिरंगा फहराने के लिए रवाना होने वाले थे। मोदी गायों को अपने हाथों से चारा खिलाते और उन्हें प्यार से सहलाते दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने मोरों को भी हाथ से दाना खिलाया।

प्रधानमंत्री ने बताया कि 15 अगस्त की सुबह शायद उनके इन ‘दोस्तों’ को भी अंदाजा हो गया था कि वह रोज की तुलना में जल्दी निकलने वाले हैं। इसलिए लालकिले के लिए रवाना होने से पहले ही वे उनसे मिलने आ गए।

इंस्टाग्राम पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा कि हर सुबह अपने दोस्तों को खाना खिलाना उनकी रोज की दिनचर्या का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि उस सुबह उन्हें किसी तरह पता चल गया था कि वह जल्दी निकल रहे हैं, इसलिए वे उनसे मिलने आ गए, जब वह लालकिले के लिए रवाना हो रहे थे।

वीडियो में प्रधानमंत्री उसी पारंपरिक वेशभूषा में दिखाई दे रहे हैं, जिसे उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर लालकिले की प्राचीर से तिरंगा फहराते समय पहना था। यह वीडियो प्रधानमंत्री की दिनचर्या की झलक देने के साथ स्वतंत्रता दिवस की सुबह के निजी और आत्मीय क्षणों को भी सामने लाता है।

इंस्टाग्राम पर ‘मोदी कनेक्ट’ का नया अंदाज

पीएम मोदी हाल के दिनों में इंस्टाग्राम के जरिए खासकर जेन-जी से जुड़ने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। इससे पहले राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के मौके पर भी उन्होंने वीडियो साझा कर लोगों से हथकरघा उत्पादों को अपनाने और सोशल मीडिया के जरिए इसे बढ़ावा देने की अपील की थी। उनका संदेश था कि हथकरघे का सामान खरीदना सिर्फ खरीदारी नहीं बल्कि लाखों बुनकरों और गरीब परिवारों की आजीविका को मजबूती देना है।
pm-modi-peacocks-cows-independence-day (2)

वहीं, छात्रों के आंदोलन के बाद भी प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए युवाओं तक सीधे पहुंचने की कोशिश की थी। जंतर-मंतर की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने युवाओं से संवाद, माफी और सही मार्गदर्शन की बात कही थी।

मोदी का सोशल मीडिया अंदाज अब सिर्फ सरकारी संदेशों तक सीमित नहीं दिख रहा। कभी हथकरघा, कभी युवाओं से संवाद और अब स्वतंत्रता दिवस की सुबह मोरों और गायों के साथ बिताए पल। इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री की यह शैली लोगों को उनके सार्वजनिक व्यक्तित्व का एक अलग, सहज पक्ष दिखा रही है।

ये भी पढ़ें  जम्मू-कश्मीर : किश्तवाड़ में मरने वालों की संख्या 60 हुई, बचाव अभियान जारी

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button