Lucknow City

PM Surya Ghar Scheme: सोलर मिशन में UP का दम, तीन महीने लगातार बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

उत्तर प्रदेश ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत 6.2 लाख से ज्यादा घरों तक सोलर रूफटॉप पहुंचाया, लगातार तीन महीने 50 हजार से अधिक इंस्टॉलेशन कर प्रदेश ने नई मिसाल कायम की, अब तक 2000 मेगावाट से ज्यादा क्षमता जुड़ चुकी, जबकि हजारों लोगों को रोजगार भी मिला

लखनऊ, 26 जून 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप लगाने में देशभर में नया रिकॉर्ड बना दिया है। जून 2026 की प्रोग्रेस समीक्षा में सामने आए आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के 6.2 लाख से ज्यादा घरों में सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश इस योजना के क्रियान्वयन में देश का अग्रणी राज्य बन गया है।

प्रदेश को इस योजना के तहत 11.27 लाख परिवारों तक सोलर रूफटॉप पहुंचाने का लक्ष्य मिला है। अब तक 50 फीसदी से ज्यादा लक्ष्य पूरा किया जा चुका है। देशभर में हुए कुल सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 17 फीसदी है, जो इसे शीर्ष राज्यों में शामिल करती है।

यूपी नेडा के डायरेक्टर रविन्दर सिंह ने बताया कि मार्च, अप्रैल और मई 2026 में लगातार तीन महीने 50 हजार से ज्यादा सोलर इंस्टॉलेशन कर उत्तर प्रदेश ने देश में नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने अधिकारियों से हर आवेदन को इंस्टॉलेशन में बदलने पर फोकस करने को कहा। साथ ही बैंक लोन की मंजूरी समय पर देने, मंजूर लोन का भुगतान बिना देरी जारी करने, बेवजह आवेदन खारिज नहीं करने, निष्क्रिय वेंडर्स को सक्रिय करने और जरूरत के मुताबिक नए वेंडर्स जोड़ने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:

उन्होंने यह भी कहा कि जिन परिवारों के बिजली बिल में सोलर सिस्टम लगने के बाद बचत हुई है, उसका डेटा तैयार कर व्यापक प्रचार किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग योजना से जुड़ सकें। प्रदेश में सोलर रूफटॉप लगाने की रफ्तार भी तेजी से बढ़ी है। जून 2025 में जहां रोज करीब 500 इंस्टॉलेशन हो रहे थे, वहीं मई 2026 तक यह आंकड़ा बढ़कर करीब 2100 प्रतिदिन पहुंच गया। सबसे खास बात यह रही कि पिछले 50 हजार इंस्टॉलेशन सिर्फ 22 दिनों में पूरे किए गए, जिसे देश की सबसे तेज स्थापना दर बताया गया।

समीक्षा रिपोर्ट के मुताबिक पीएम सूर्य घर योजना के तहत उत्तर प्रदेश में 2000 मेगावाट से ज्यादा सोलर क्षमता जुड़ चुकी है। इसके साथ ही रूफटॉप सोलर इंडस्ट्री में रोजाना 40 से 50 करोड़ रुपये तक का कारोबार हो रहा है। इस सेक्टर से 80 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार भी मिला है। विशेषज्ञों का मानना है कि लोगों की बढ़ती भागीदारी, तेज क्रियान्वयन और सरकारी प्रोत्साहन की वजह से उत्तर प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  सूरज की रोशनी से चमका UP : सौर ऊर्जा में रचा अनोखा रिकॉर्ड, तीन लाख से अधिक इंस्टॉलेशन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button