संदीप वर्मा
बाराबंकी, 1 फरवरी 2026:
बाराबंकी पुलिस द्वारा सीईआईआर पोर्टल की मदद से गुम हो चुके मोबाइल फोन तलाशने का अभियान जारी है। इस साल लगातार दूसरे माह भी जिले में दर्ज शिकायतों के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में करीब 22 लाख कीमत के 106 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बता दें कि एसपी ने पुलिस की सर्विलांस सेल और सभी थानों की संयुक्त टीमों को मोबाइल गुमशुदगी की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने का आदेश दे रखा है। इसी क्रम में सीईआईआर पोर्टल के जरिए तकनीकी जांच और ट्रैकिंग कर इन 106 मोबाइलों को अलग-अलग जगहों से खोज निकाला गया। बरामद हुए सेटों की कीमत लगभग 22 लाख है। बता दें बीते माह जनवरी में भी पुलिस ने 25 लाख कीमत के 133 मोबाइल तलाश कर वापस लौटाए थे।

इसी कड़ी में आज रविवार को एक बार फिर से पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने बरामद किए गए मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे। अपने खोए हुए फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। मोबाइल स्वामियों ने इस पहल के लिए पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में बिना देर किए नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं या सीधे सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट करें ताकि समय रहते उसकी खोजबीन शुरू की जा सके। फिलहाल पुलिस ने दो माह में 47 लाख कीमत के 239 मोबाइल सेट बरामद किए हैं।






