Sitapur City

संकट में बिजली : इलाके ओवरलोड, सबस्टेशन के ट्रांसफार्मर ओवरहीट…छिड़क रहे पानी, चल रहे कूलर

कई जगह ट्रांसफार्मर में आग लगने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लगातार ट्रिपिंग और कटौती से उपभोक्ताओं में बढ़ रही नाराजगी, सब स्टेशन पर तैनात कर्मचारी भी ओवरहीट की समस्या से जूझ रहे

सीतापुर, 23 मई 2026:

सीतापुर जिले में भीषण गर्मी के बीच लगातार सप्लाई दे रहे सब स्टेशन के ट्रांसफार्मर ओवरहीट हो रहे है। 65 डिग्री का टेम्परेचर देखकर कर्मचारी इन पर पाइप से पानी छिड़क रहे हैं वहीं कूलर भी लगातार चल रहे है। इस बीच कई इलाकों में ओवरलोड ट्रांसफार्मरों में आग लग रही है। उपभोक्ता आसमान से बरस रही आग में विद्युत व्यवस्था का हाल देखकर आक्रोशित हैं।

सीतापुर जिले में तेज गर्मी का असर अब बिजली व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। हुसैनगंज इलाके में स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर अधिक लोड और भीषण गर्मी के कारण ट्रांसफार्मर जरूरत से ज्यादा गर्म हो गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा पैदा हो गया। हालात संभालने के लिए कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मरों पर लगातार पानी डाला, तब जाकर सप्लाई सामान्य बनी रही।

उधर विकासखंड पहला क्षेत्र के सरैया राजा साहब विद्युत उपकेंद्र पर भी ट्रांसफार्मर का तापमान करीब 65 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गर्मी बढ़ने से ट्रांसफार्मर में आग लगने का खतरा पैदा हो गया था और बार-बार ट्रिपिंग होने लगी। इससे इलाके के लोगों को घंटों बिजली संकट झेलना पड़ा। स्थिति संभालने के लिए विभाग ने दो कूलर वाटर पंप मंगवाए। कर्मचारियों ने लगातार पानी डालकर ट्रांसफार्मर को ठंडा किया, जिसके बाद बिजली आपूर्ति दोबारा सुचारु हो सकी।

इसी बीच रायसेनपुर गांव में लगा ट्रांसफार्मर अचानक आग की लपटों में घिर गया। उस वक्त गांव में बिजली आपूर्ति चालू थी। ट्रांसफार्मर से तेज धमाकों के साथ आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और काला धुआं फैल गया। यह देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने तुरंत बांसुरा पावर हाउस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारियों ने सप्लाई बंद कराई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते बिजली न काटी जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

वहीं शहर कोतवाली इलाके के कोट चौराहे पर रखे 33 केवीए ट्रांसफार्मर के हेड में अचानक चिंगारी उठने के बाद आग लग गई। राहगीरों की सूचना पर पावर हाउस से सप्लाई बंद कराई गई, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि कुछ देर तक इलाके की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। स्थानीय लोगों ने खराब ट्रांसफार्मर बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button