
सीतापुर, 3 अक्टूबर 2026:
यूपी के सीतापुर में बाढ़ के पानी में डूबने से पिता-पुत्र और भतीजे की मौत हो गई। शनिवार को तीनों पानी से घिरे खेतों का हाल देखने निकले थे। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरैया मसूदपुर में गहरे पानी में समाने के बाद तीनों डूब गए। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।
खेतों का हाल देखने गए थे तीनों
बताया गया कि इलाके में कई दिनों तक होने वाली बारिश से उफनाई नदी का पानी ग्रामीणों के खेतों में भर गया था। किसी की पूरी फसल बर्बाद हुई कुछ बचाने की कोशिश में लगे थे। इसी फिक्र में पड़े सरैया मसूदपुर गांव निवासी सुरेंद्र चौहान ने खेतों की हालत देखने का मन बनाया। उसके साथ 13 साल का बेटा सौरभ और 17 वर्षीय भतीजा शोभित भी चल पड़ा। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए।

ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की, नहीं मिला सुराग
तीनों के डूबने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने अपने स्तर से उन्हें खोजने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण तत्काल कोई सुराग नहीं मिला। सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई, जिसके बाद मौके पर राहत-बचाव टीम पहुंची।
गोताखोरों ने चलाया तलाशी अभियान
प्रशासन की निगरानी में गोताखोरों ने बाढ़ के पानी में तलाशी अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने सुरेंद्र चौहान, उनके 13 वर्षीय बेटे सौरभ और 17 वर्षीय भतीजे शोभित के शव पानी से बाहर निकाल लिए। तीनों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
दि. 03.10.2026 को थाना रामपुर मथुरा क्षेत्रान्तर्गत एक ही परिवार के तीन व्यक्तियों की खेत जाते समय रास्ते किनारे भरे पानी के तालाब में डूब जाने से मृत्यु हो जाने के संबंधं में क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद द्वारा दी गयी बाइट:- #SitapurPoliceInAction @Uppolice @Igrangelucknow pic.twitter.com/q1gIevYXd8
— Sitapur Police (@sitapurpolice) October 3, 2026
सुरेंद्र के परिवार में पत्नी और एक बेटी
हादसे में सुरेंद्र चौहान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटी है। वहीं, सौरभ और शोभित की मौत से भी गांव में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटना की जानकारी जुटाई है।






