Lucknow City

विरोध प्रदर्शन में भड़की लपटें : मौलाना का पुतला जलाते समय झुलसे करणी सेना के दो पदाधिकारी

सीएम की मां को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में लखनऊ के हजरतगंज में प्रदर्शन, पुतले पर पेट्रोल डालकर आग लगाते भड़क उठीं लपटें

लखनऊ, 10 मार्च 2026:

यूपी के सीएम योगी की मां को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में मंगलवार शाम राजधानी लखनऊ के हजरतगंज में करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मौलाना अब्दुल्ला सलीम का पुतला फूंकने की कोशिश में अचानक आग भड़क गई, जिसकी चपेट में आकर करणी सेना के दो पदाधिकारी झुलस गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ता हजरतगंज में एकत्र हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम पर मुख्यमंत्री की मां के बारे में आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

WhatsApp Image 2026-03-10 at 5.45.30 PM

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मौलाना का पुतला जलाने के लिए उस पर पेट्रोल डाला। जैसे ही पुतले में आग लगाई गई अचानक लपटें तेज हो गईं और पास खड़े दो पदाधिकारी इसकी चपेट में आ गए। उनके कपड़ों में आग लग गई, जिससे उनके हाथ और पैर झुलस गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य कार्यकर्ताओं ने तुरंत अग्निशमन उपकरण की मदद से आग बुझाई। आग बुझाने की कोशिश में तीन से चार अन्य लोगों को भी हल्की झुलसन आई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा।

गौरतलब है कि मौलाना के बयान के बाद से प्रदेश के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। सोमवार को हजरतगंज चौराहे पर सर्व समाज के लोगों ने एकत्र होकर प्रदर्शन किया और आरोपी मौलाना के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button