Raebareli News : मंत्री दिनेश प्रताप ने संभाला मोर्चा, किसानों को राहत बांटी तो स्नातक MLC चुनाव की रणनीति भी बनाई
सामुदायिक केंद्र रतापुर में 3 हजार से अधिक किसानों को 70 लाख रुपये से ज्यादा की मिली सहायता, जिला पंचायत सभागार में लखनऊ खंड स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर हुई बैठक, प्रत्याशी भी रहे मौजूद

विजय पटेल
रायबरेली, 12 अक्टूबर 2026:
यूपी के रायबरेली में राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने रविवार को रायबरेली में दो अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। रतापुर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान के प्रमाण पत्र वितरित किए, वहीं जिला पंचायत सभागार में भाजपा की बैठक कर आगामी लखनऊ खंड स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। दोनों कार्यक्रमों में किसानों को राहत देने से लेकर चुनावी अभियान को मजबूत बनाने तक के मुद्दे प्रमुखता से उठे।
सामुदायिक केंद्र में लाइव प्रसारण देखा, 3000 किसानों को मिला लाभ
रविवार को गोरखपुर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश स्तरीय कृषि निवेश अनुदान राशि के हस्तांतरण कार्यक्रम के तहत स्थानीय रतापुर स्थित सामुदायिक केंद्र में रायबरेली की सदर और महराजगंज तहसील के 3,000 से अधिक किसानों को 70 लाख रुपये से ज्यादा की सहायता राशि हस्तांतरण के प्रमाण पत्र दिए गए। कार्यक्रम में मौजूद किसानों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गोरखपुर में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।

किसान के नुकसान की भरपाई को सरकार प्रतिबद्ध
राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात से फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को राहत उपलब्ध कराई गई है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक सहायता से किसान दोबारा खेती का काम सुचारु रूप से शुरू कर सकें। उन्होंने कहा कि डीबीटी के जरिए सीधे बैंक खातों में धनराशि पहुंचने से पारदर्शिता बनी रहती है।
स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए बनाई रणनीति
किसानों को राहत वितरण कार्यक्रम के साथ ही राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिला पंचायत सभागार में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में 23 अक्टूबर को होने वाले लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन को लेकर पार्टी की तैयारियों पर चर्चा हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शिक्षण संस्थानों के प्रबंधक बैठक में शामिल हुए।

आपसी समन्वय पर दिया जोर
बैठक का मुख्य एजेंडा भाजपा प्रत्याशी ई. अवनीश कुमार सिंह के समर्थन में अधिक से अधिक प्रथम वरीयता के मत हासिल करना रहा। इसके लिए स्नातक मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने, बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से चुनावी अभियान को गति देने के साथ अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने का आह्वान किया गया।
शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों के साथ भी स्नातक मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। भाजपा प्रत्याशी ई. अवनीश कुमार सिंह ने मतदाताओं से प्रथम वरीयता का मत देकर समर्थन देने की अपील की। बैठक में संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
किसानों को राहत वितरण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहदेव मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विशाल यादव, एसडीएम सदर गौतम सिंह और तहसीलदार आकृति श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, स्नातक एमएलसी चुनाव की बैठक में भाजपा के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।






