विजय पटेल
रायबरेली, 20 जनवरी 2026:
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने आज अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे की शुरुआत खेल आयोजन से की। उन्होंने आईटीआई कॉलोनी स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित रायबरेली प्रीमियर लीग टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। यह प्रतियोगिता यूथ स्पोर्ट्स अकादमी रायबरेली की ओर से आयोजित की गई थी।
टॉस उछालकर बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
उद्घाटन के दौरान राहुल गांधी ने खुद टॉस उछालकर मैच की शुरुआत कराई, जिससे मैदान पर मौजूद युवा खिलाड़ियों और दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने इसे अपने लिए प्रेरणा का क्षण बताया। राहुल गांधी ने खेल को युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी बताते हुए खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।

नगर पालिका अध्यक्ष के घर जाकर की मुलाकात
क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन के बाद राहुल गांधी नगर पालिका अध्यक्ष शत्रुघ्न सोनकर के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने उनके परिवार से मुलाकात की और शुभकामनाएं दीं। चुनाव जीतने के बाद यह राहुल गांधी का रायबरेली का पहला प्रमुख दौरा माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी संवाद किया।
मनरेगा बचाओ चौपाल में केंद्र सरकार पर हमला
इसके साथ ही दौरे के दौरान राहुल गांधी ने मनरेगा बचाओ चौपाल में हिस्सा लिया और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसी योजना, जो न्यूनतम मजदूरी और रोजगार सुरक्षा की गारंटी देती थी, उसे भाजपा सरकार ने कमजोर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों को सशक्त करने के बजाय उन्हें भूखा देखना चाहती है।

मनरेगा को बताया गरीबों की ढाल
मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि मनरेगा का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को मजबूत बनाना और गरीबों को रोजगार सुरक्षा देना था। उन्होंने कहा कि नाम बदलना असली मुद्दा नहीं है, बल्कि गरीबों के संरक्षण और लोकतंत्र की जड़ों पर चोट की गई है। राहुल गांधी ने मनरेगा को गांधी जी के विचारों से जुड़ा बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश में मनरेगा को बचाने के लिए आंदोलन जारी रखेगी।






