US दौरा छोड़ देश लौटे राहुल गांधी, सर्वदलीय बैठक में होंगे शामिल

नई दिल्ली, 24 अप्रैल 2025
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद अपनी अमेरिका यात्रा बीच में ही छोड़कर गुरुवार तड़के नई दिल्ली पहुंचे।राहुल गांधी गुरुवार को सुबह करीब 10.30 बजे नई दिल्ली में कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में भाग लेंगे।इससे पहले, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि गांधी ने अमेरिका की अपनी आधिकारिक यात्रा छोटी कर दी है।गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार 24 अप्रैल को सर्वदलीय बैठक बुला सकती है। सूत्रों के मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को पर्यटकों पर आतंकवादियों के कायराना हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए।उल्लेखनीय है कि पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी क्रमश: सऊदी अरब और अमेरिका की अपनी यात्राएं बीच में ही रद्द कर दी थीं।
इस बीच, भारत ने बुधवार को सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देने के लिए पाकिस्तान को कड़ा संदेश देने के लिए कई कदमों की घोषणा की, जिसमें कहा गया कि 1960 की सिंधु जल संधि स्थगित रहेगी और अटारी में एकीकृत जांच चौकी तत्काल प्रभाव से बंद कर दी जाएगी।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक के बाद एक विशेष संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया और कहा कि सार्क वीजा छूट योजना के तहत पाकिस्तानी नागरिकों को भारत की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।दो घंटे से अधिक समय तक चली सीसीएस बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की।
बुधवार को हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई जिसमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक मारे गए थे।
सीसीएस ने हमले की कड़े शब्दों में निंदा की और पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। सीसीएस को दी गई जानकारी में आतंकवादी हमले के सीमा पार संबंधों को उजागर किया गया।इस बीच, पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ित परिवारों ने अपने प्रियजनों की मौत पर शोक व्यक्त किया तथा सरकार से इस जघन्य अपराध के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया।
पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल का अंतिम संस्कार उनके पैतृक निवास करनाल में किया गया। शिवमोगा निवासी मंजूनाथ राव आतंकी हमले में शहीद हो गए थे। पारिवारिक मित्र दत्तात्रेय ने सरकार से आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का आग्रह किया।मंगलवार को पहलगाम के बैसरन मैदान में आतंकवादियों द्वारा किया गया यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमलों में से एक है जिसमें 40 सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए थे। यह हमला 2019 में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद क्षेत्र में सबसे बड़े आतंकी हमलों में से एक था।






