Entertainment

राजकुमार राव के बदले लुक पर ट्रोलिंग, पत्नी पत्रलेखा का करारा जवाब, जानें एक्टर ने क्यों बढ़ाया इतना वजन

ट्रोलिंग के बाद राव ने खुद इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट साझा कर अपने बदले हुए शरीर का कारण बताया, नैचुरल बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन को देते हैं तरजीह

मनोरंजन डेस्क, 17 फरवरी 2026:

मनोरंजन जगत में इन दिनों राजकुमार राव अपने बदले हुए लुक और बढ़े हुए वजन को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में एक इवेंट में नजर आए अभिनेता को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया। यहां तक कि कुछ लोगों ने उन्हें बूढ़ा तक कह दिया। इस बेवजह की आलोचना के बाद अब राजकुमार राव की पत्नी एवं अभिनेत्री पत्रलेखा खुलकर उनके समर्थन में सामने आई हैं और ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है।

पत्रलेखा ने राजकुमार राव की एक पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए उनके प्रोफेशनल समर्पण की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि वह अपने हर फिल्म प्रोजेक्ट के लिए पूरी तरह खुद को झोंक देते हैं। दुनिया को सिर्फ आखिरी नतीजा और ग्लैमर नजर आता है लेकिन किसी किरदार को गढ़ने के पीछे खून-पसीना, आंसू और निजी जिंदगी के कई त्याग छिपे होते हैं। उनका यह पोस्ट उन लोगों के लिए भी जवाब था जो किसी अभिनेता के लुक पर बिना वजह टिप्पणी करते हैं।

दरअसल ट्रोलिंग के बाद राजकुमार राव ने खुद इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट साझा कर अपने बदले हुए शरीर का कारण बताया था। उन्होंने खुलासा किया कि अपनी आगामी बायोपिक ‘निकम’ के लिए उन्होंने करीब 9-10 किलो वजन बढ़ाया है। इस ट्रांसफॉर्मेशन के लिए उन्हें खासतौर पर हाई-कैलोरी डाइट लेनी पड़ी जिसमें पिज्जा, मिठाइयां, आलू पराठे और बिरयानी तक शामिल थे। अभिनेता ने यह भी बताया कि वह प्रोस्थेटिक मेकअप के बजाय नैचुरल बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन को तरजीह देते हैं ताकि किरदार ज्यादा वास्तविक लगे।

राजकुमार राव पहले भी कई फिल्मों के लिए अपने लुक में बड़ा बदलाव कर चुके हैं। ‘बोस’, ‘श्रीकांत’ और ‘ट्रैप्ड’ जैसी फिल्मों में उनके ट्रांसफॉर्मेशन की खूब चर्चा हुई थी। हर बार उन्होंने साबित किया है कि वह किरदार के साथ पूरी तरह ईमानदारी से जुड़ते हैं। चाहे उसके लिए शरीर पर कितना ही मेहनत क्यों न करनी पड़े।

काम की बात करें तो अभिनेता आखिरी बार पिछले साल रिलीज हुई फिल्म ‘मालिक’ में नजर आए थे, हालांकि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म खास कमाल नहीं दिखा पाई। आने वाले समय में वह नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘टोस्टर’ में दिखाई देंगे, जिसमें उनके साथ सान्या मल्होत्रा और अभिषेक बनर्जी भी अहम भूमिकाओं में होंगे। इसके अलावा उनकी झोली में ‘निकम’ के साथ-साथ पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरव गांगुली की बायोपिक भी शामिल है। इस पूरे मामले में पत्रलेखा का सपोर्ट बताता है कि स्टारडम के पीछे मेहनत, त्याग और अपनों का साथ कितना जरूरी होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button