Lucknow CityUttar Pradesh

रक्षाबंधन पर बहनों के लिए सहूलियत का तोहफा, छह दिन दौड़ेंगी अतिरिक्त बसें

26 से 31 अगस्त तक प्रदेशभर में बढ़ेगा रोडवेज का बेड़ा, पूर्वांचल के लिए खास इंतजाम, चालक-परिचालकों और तकनीकी कर्मचारियों को मिलेगा प्रोत्साहन, 24 घंटे कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

लखनऊ, 13 अगस्त 2026:

रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने घर जाने वाली बहनों की राह आसान बनाने के लिए योगी सरकार ने बड़ा परिवहन प्लान तैयार किया है। त्योहार के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 26 से 31 अगस्त तक छह दिनों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खास तौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सेवाओं पर जोर दिया गया है।

परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। यात्रियों की मांग के अनुसार लखनऊ, कानपुर समेत प्रमुख गंतव्यों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी जिससे त्योहार के दौरान यात्रियों को बसों के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।

बस अड्डों पर सफाई से लेकर रोशनी-पानी तक के इंतजाम

ये भी पढ़ें:

सरकार ने बसों की संख्या बढ़ाने के साथ बस अड्डों पर यात्रियों की सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी है। सभी बसों और बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, प्रतीक्षालयों में पर्याप्त रोशनी और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बसों की आवाजाही और संचालन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा। भीड़ वाले बस स्टेशनों पर पर्यवेक्षकों की लगातार मौजूदगी रहेगी। डिपो और क्षेत्रीय अधिकारी भी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे, ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

दिल्ली से पूर्वांचल तक बढ़ेगी बसों की कनेक्टिविटी

परिवहन निगम के एमडी प्रभु एन सिंह ने क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को मांग के मुताबिक बसों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली-मुरादाबाद-बरेली होते हुए पूर्वी क्षेत्रों तथा दिल्ली-अलीगढ़-कानपुर होते हुए पूर्वी यूपी जाने वाली बस सेवाओं में जरूरत के अनुसार मौजूदा प्रतिबंधों में छूट देने का प्रावधान किया गया है।

1800 किमी संचालन पर 1200 रुपये प्रोत्साहन

रक्षाबंधन के दौरान लगातार ड्यूटी करने वाले परिवहन कर्मियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। छह दिनों में निर्धारित शर्तों के तहत 1800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले पात्र चालक-परिचालकों को 1200 रुपये दिए जाएंगे। संविदा चालक-परिचालकों को 1800 किमी से अधिक संचालन पर अतिरिक्त दूरी के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर अतिरिक्त राशि मिलेगी।

छहों दिन प्रतिदिन ड्यूटी करने वाले पात्र तकनीकी कर्मचारियों को 500 रुपये एकमुश्त प्रोत्साहन मिलेगा। हालांकि चालक-परिचालकों की पात्रता 64 प्रतिशत से अधिक लोड फैक्टर से जुड़ी होगी। चिन्हित बस स्टेशनों पर बेहतर व्यवस्था बनाए रखने वाले कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों के प्रोत्साहन के लिए भी 90 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

ये भी पढ़ें  एक्टर संजय मिश्रा ने महाकुम्भ की तैयारियों को लेकर योगी सरकार की तारीफ करते हुए कही ये बड़ी बात

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button