Lucknow CityNationalUttar Pradesh

कोहरे से राहत, अब बारिश का इंतजार : कल से पश्चिमी विक्षोभ बदलेगा यूपी के मौसम का मिजाज

ठंड से राहत का सिलसिला जारी, आने वाले दिनों में दो पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के मौसम को फिर बदलेंगे, 22 जनवरी से पश्चिमी यूपी में बारिश की शुरुआत, 23 को पूरे प्रदेश में असर, तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच फिलहाल कड़ाके की ठंड के आसार कम

लखनऊ, 21 जनवरी 2026:

यूपी में कोहरे की तीव्रता में आई कमी के साथ ठंड से भी आंशिक राहत महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार यह राहत फिलहाल बनी रहने की संभावना है। हालांकि आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से गुरुवार से प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल सिंह के मुताबिक हाल ही में एक पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा की दिशा में परिवर्तन हुआ है।आसमान साफ होने से पश्चिमी और मध्यवर्ती उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आगामी 24 घंटों तक इस गिरावट का क्रम जारी रह सकता है। वहीं पूर्वांचल में अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में क्रमिक गिरावट के बावजूद यह सामान्य के आसपास या उससे अधिक बना रह सकता है। कोहरे की तीव्रता कम होने के कारण सुबह और रात के समय ठंड का असर पहले की तुलना में कम महसूस किया जा रहा है।

WhatsApp Image 2026-01-21 at 11.44.36 AM

मौसम विभाग के अनुसार 22 जनवरी की देर रात से पश्चिमी यूपी में वर्षा की शुरुआत होने कहा संभावना है। गुरुवार को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद 23 जनवरी को बारिश का यह दायरा बढ़ते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा देखने को मिल सकती है।

मौसम विज्ञानी के अनुसार 22 और 23 जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान में एक बार फिर 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। 22 जनवरी से शुरू होने वाला यह वर्षा क्रम कई दिनों तक छिटपुट रूप में जारी रह सकती है। इससे ठंड का असर फिलहाल बढ़ने की संभावना कम है। हालांकि 24 और 25 जनवरी के दौरान बारिश थमने और मौसम साफ होने पर न्यूनतम तापमान में फिर से 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

अनुमान है कि 26 जनवरी के आसपास एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का एक और दौर शुरू हो सकता है। आगामी एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान में मामूली और क्रमिक गिरावट के बावजूद यह सामान्य से ऊपर बना रह सकता है। फिलहाल प्रदेश के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। ठंड से मिली राहत जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button