एमएम खान/सौरभ श्रीवास्तव
लखनऊ, 26 जनवरी 2026:
गणतंत्र दिवस के मौके पर निगोहां क्षेत्र में जगह-जगह ध्वज फहराकर देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों, कॉलेजों और मदरसे में बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं मड़ियाव थाने में भी ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम हुआ। यहां थाना प्रभारी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
निगोहां के शिक्षण संस्थानों में दिखी देशभक्ति की झलक
निगोहां के निजी व प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के साथ बाबू सुंदर सिंह कॉलेज में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों का दिल जीत लिया। सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने कस्बे में परेड निकाली। सुरक्षा व्यवस्था के लिए निगोहां पुलिस मौजूद रही। इस दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय क्रिस्ता, शिक्षक व छात्र-छात्राएं शामिल रहे। एसबीएन इंटर कॉलेज में छात्राओं ने कॉलेज परिसर में आकर्षक रंगोली बनाई। इसके बाद देशभक्ति गीतों और नाट्य प्रस्तुति से माहौल जोश से भर गया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रबंधक अमरेंद्र सिंह यादव, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

मदरसे में भी गूंजा राष्ट्रगान, नात पाक ने भावुक किया
निगोहां गांव स्थित मदरसा आलिया इस्लामिया गौसिया मदरसे में व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र दीक्षित ने ध्वजारोहण किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया और देशभक्ति से भरी नात पाक पेश की। इस दौरान मौलाना करीम रजा, कमेटी के सदर लल्लू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

मड़ियाव थाने में ध्वजारोहण, एसओ को मिला सम्मान
गणतंत्र दिवस पर मड़ियाव थाने में सुबह 8:30 बजे एसएसआई मजीद फारूकी ने ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया और मिठाई बांटी गई।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी शिवानंद मिश्र को पुलिस महानिदेशक गोल्ड मेडल प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया गया। बताया गया कि उन्होंने बीते वर्ष कई बड़े मामलों का खुलासा किया था और वे क्राइम टीम के प्रभारी भी हैं। समारोह में अजीज नगर चौकी प्रभारी नितिन तालियान, घैला चौकी प्रभारी राजदीप सिंह, रामराम बैंक चौकी प्रभारी अखिलेश यादव समेत सभी चौकी प्रभारी और थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।







