
राजकिशोर तिवारी
ऋषिकेश, 29 अगस्त 2026ः
उत्तराखंड के ऋषिकेश में टूरिस्ट बस की चपेट में आने से दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई और बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए। शुक्रवार रात नीलकंठ महादेव के दर्शन कर दिल्ली लौट रही श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बस भद्रकाली तिराहे के पास भजनगढ़ रोड पर मोड़ पर ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सड़क किनारे स्कूटी के पास खड़े दो भाई बस की चपेट में आ गए। बस में दिल्ली व बिहार के करीब 50 लोग सवार थे। वहीं, चकराता क्षेत्र में सुबह सहिया से पहले लालपुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इसमें सवार दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए।
ब्रेक फेल हुई, कार को बचाने में संतुलन बिगड़ा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यात्री नीलकंठ महादेव के दर्शन के बाद दिल्ली लौट रहे थे। रात में भद्रकाली तिराहा पार करने के बाद चालक ने यात्रियों को ब्रेक फेल होने की जानकारी दी। तीखी ढलान पर चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान सामने आई एक कार को बचाने के चक्कर में बस का संतुलन बिगड़ गया और बस हाईवे किनारे पलट गई। बस के पलटते ही सड़क किनारे खड़े दो युवक उसकी चपेट में आ गए और बस के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ठेली-रेहड़ी संचालक और राहगीर मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।

बस को हाइड्रा से हटाकर यातायात किया सामान्य
रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों युवकों को बस के नीचे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय ऋषभ बिष्ट और 24 वर्षीय शुभम बिष्ट निवासी गणेश विहार, ऋषिकेश के रूप में हुई। दोनों चचेरे भाई थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया। हादसे में बस में सवार 13 यात्री घायल हुए हैं। पुलिस और एसडीआरएफ ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। राहत-बचाव के दौरान पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था भी संभाली। हादसे के बाद हाईवे पर पलटी बस को हाइड्रा की मदद से हटाया गया। इसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य कराया गया। रक्षाबंधन के दिन दो चचेरे भाइयों की मौत की खबर से गणेश विहार में शोक की लहर दौड़ गई।

एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर निकाला बाहर
उधर, एसडीआरएफ को देहरादून के चकराता क्षेत्र में लालपुल के पास वाहन के खाई में गिरने और उसमें लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। वहां कार खाई में गिरी मिली। कार में पांच लोग सवार थे। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि तीन को सामान्य चोटें आईं। एसडीआरएफ जवानों ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए रस्सियों और अन्य रेस्क्यू उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर घायलों तक पहुंच बनाई। कठिन भूभाग के बीच टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पांचों घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला।

घायलों में दिल्ली-एनसीआर और यूपी के लोग
रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। घायलों की पहचान रोहन कुमार (23 वर्ष) निवासी नई दिल्ली, अभिषेक दुबे (26 वर्ष) निवासी दिल्ली, अभिषेक (26 वर्ष) निवासी नोएडा (यूपी), शिवानी सिंह (22 वर्ष) और प्रिन्स राज (22 वर्ष) दोनों निवासी वाराणसी (यूपी) के रूप में हुई है।






