Lucknow City

सरदार पटेल की 150वीं जयंती : UP में गूंजेगी एकता की दौड़, कल पुलिस आयोजित करेगी ‘रन फॉर यूनिटी

प्रदेश के सभी जिलों और पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालयों पर होगा आयोजन, सुबह 7 बजे से 10 बजे तक 1 से 1.5 किलोमीटर की दूरी तक होगी प्रतीकात्मक दौड़

लखनऊ, 30 अक्टूबर 2025:

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पूरा उत्तर प्रदेश एकता, अखंडता और राष्ट्रीय समरसता के संदेश से गूंज उठेगा। इस मौके पर यूपी पुलिस राज्य के सभी जिलों और पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालयों पर ‘रन फॉर यूनिटी’ (Run for Unity) का भव्य आयोजन करने जा रही है।

प्रदेश के पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) एलआर कुमार ने गुरुवार को लोक भवन स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि यह कार्यक्रम भारत की एकता और अखंडता के प्रति नागरिकों की प्रतिबद्धता को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में आयोजित होने वाली यह दौड़ सुबह 7 बजे से 10 बजे तक चलेगी। प्रत्येक थाना क्षेत्र या पुलिस मुख्यालय से 1 से 1.5 किलोमीटर की दूरी तक यह प्रतीकात्मक दौड़ आयोजित की जाएगी। इस दौरान स्कूलों, कॉलेजों, एनसीसी, स्काउट्स, पुलिस कर्मियों, समाजसेवियों और खेल जगत की हस्तियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

सुरक्षा और मार्ग प्रबंधन के लिए मार्ग चिन्हांकन, दिशा संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तैयारी की जा रही है। दौड़ में शामिल प्रतिभागी तिरंगा थामे देशभक्ति के नारों के साथ दौड़ेंगे, जिससे पूरा प्रदेश एकता और सौहार्द के रंग में रंग जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button