पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे : आग का गोला बनी बस… बाल-बाल बचे 42 सवार

लखनऊ, 14 नवंबर 2024:
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस गुरुवार को चलते-चलते आग का गोला बन गई। इस हादसे के वक्त बस में 42 लोग सवार थे। गनीमत रही कि सभी यात्री बाल-बाल बच गए।
इस घटना से यात्रियों के साथ धू- धूकर जलती बस देखने वालों की रूह कांप उठी। आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग बुझाई लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। यह घटना लखनऊ जिले की सीमा में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शहजादेखेड़ा, गोसाईंगंज में हुई। बताते हैं कि अचानक एक टायर फटने से बस में आग लग गई।
इसकी जानकारी होते ही चालक राजेश शर्मा ने बस रोक दी और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। इस बीच आग भड़क उठी। राहत की बात यह थी कि तब तक यात्री बाहर आ चुके थे। तीन गाड़ियां लेकर पहुंचे दमकल कर्मियों के आग बुझाने तक बस पूरी तरह जल गई। उस पर सवार यात्रियों को पुलिस ने दूसरी बस से आजमगढ़ के लिए रवाना करवाया।






